एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में कोरोना से हालात एक बार फिर से बिगड़ने लगे हैं। आलम ये है कि पिछले सात दिनों के अंदर संक्रमण के मामलों में 78% की बढ़ोतरी दर्ज की गयी है। पिछले हफ्ते यानी 19 से 25 मार्च के बीच 8781 नये कोरोना मरीजों की पहचान हुई। इसके पहले 12 से 18 मार्च के बीच देश में 4929 संक्रमित पाये गये थे।
कोरोना के तेजी से बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए केंद्र सरकार ने 10-11 अप्रैल को राष्ट्रव्यापी मॉक ड्रिल आयोजित करने का फैसला लिया है। इस मॉक ड्रिल में कोरोना के कहर से निपटने के लिए तैयारियों का जायजा लिया जायेगा। इसको लेकर आज केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण राज्यों के स्वास्थ्य सचिवों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक बैठक करेंगे। बैठक में मॉकड्रिल की जानकारी भी दी जायेगी।
मॉकड्रिल में शामिल हों सभी जिलों की स्वास्थ्य इकाइयां : इसके अलावा कोरोना के बढ़ते मामलों से निपटने की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मॉकड्रिल में सभी राज्यों को शामिल होने के लिए भी कहा गया है। अप्रैल की 10 और 11 तारीख को होने वाली मॉकड्रिल में आईसीयू बेड, मेडिकल इक्विपमेंट्स, ऑक्सीजन और मैनपावर की उपलब्धता सुनिश्चित की जायेगी।
टेस्टिंग को बढ़ावा देने का भी दिया निर्देश : केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) द्वारा शनिवार को जारी एक संयुक्त एडवाइजरी में कहा गया है कि पिछले कई हफ्तों में कुछ राज्यों में कोविड-19 की टेस्टिंग में गिरावट आयी है। साथ ही यह भी पाया गया है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) द्वारा निर्धारित मानकों की तुलना में वर्तमान में परीक्षण स्तर अपर्याप्त हैं। इसको देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और आईसीएमआर ने सभी राज्यों को कोरोना जांच में बढ़ावा देने और लक्षणों की जानकारी देने के लिए भी कहा है।
कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह : इसमें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के परामर्श के मुताबिक लोगों को कोविड के लिए तय सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह दी गयी है। इसके साथ ही लोगों से भीड़भाड़ और बंद स्थानों में मास्क पहनने की सलाह दी है। साथ ही इसमें बार-बार साबुन से हाथ धोने और सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से बचने की सलाह दी गयी है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse