टीम एबीएन, रांची। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द होने के विरोध में पूरे देश भर में कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आन्दोलन करने की रूपरेखा तैयार की है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने बताया कि इसी कड़ी में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश के आलोक में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आज 26 मार्च को पूर्वाह्न 10 बजे से शाम 5 बजे तक मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष सत्याग्रह किया जायेगा। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने इस बाबत राज्य के तमाम जिलाध्यक्षों को भी अपने-अपने जिले में सत्याग्रह कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया है।
साथ ही प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर ने रांची में आज के सत्याग्रह कार्यक्रम के लिए भी रांची महानगर एवं रांची ग्रामीण कांग्रेस, अग्रणी मोर्चा को निर्देश दिया है कि प्रदेश द्वारा आयोजित सत्याग्रह में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनायें और राहुल जी के संघर्षों को आगे बढ़ायें।
प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर ने कहा है कि कन्याकुमारी से कश्मीर तक नफरत, महंगाई, बेरोजगारी के खिलाफ जनता का अपार समर्थन के साथ राहुल गांधी द्वारा तय की गयी लगभग 4000 किमी की लंबी भारत जोड़ो यात्रा तथा संसद में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं अडानी के रिश्ते पर सवाल खड़ा करने के बाद मोदी सरकार पूरी तरह से बौखला गयी है। सदन में भी राहुल गांधी की आवाज को लगातार दबाया गया।
देश के राजनैतिक इतिहास में पहली घटना घटी कि सत्ताधारी भाजपा के द्वारा हीं लगातार सदन की कार्यवाही को बाधित किया गया, लेकिन हम इससे भी घबराने वाले नहीं है। कांग्रेस देश की जनता की आवाज के लिए हमेशा लड़ेगी, इसके लिए कोई भी कीमत कांग्रेस पार्टी चुकाने का तैयार है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse