टीम एबीएन, रांची। लंबे अर्से बाद सदन में बुधवार को स्पीकर रवींद्र नाथ महतो के कुशल निर्देशन में प्रश्नकाल चला। हालांकि, बजट सत्र में नियोजन नीति का मुद्दा गरमाया रहा। स्पीकर ने अल्पसूतिच, तारांकित व शून्य काल की सूचनाओं पर चर्चा करायी। इस दौरान प्रदीप यादव के ध्यानाकर्षण का जवाब देने के लिये सीएम खड़े हुए तो विपक्षी विधायक शोरगुल करने लगे।
विपक्षी विधायक सीएम से स्थानीयता व नियोजन नीति पर वक्तव्य देने की मांग कर रहे थे। भाजपा विधायकों ने वेल में पहुंचकर हंगाामा किया। 1932 की भेलो, 60- 40 नाय चलतो, का नारा लगाने लगे। दरअसल, सीएम विधायक प्रदीप यादव के एक सवाल का जवाब देने के लिए खड़े हुए थे। लेकिन विपक्ष ने उनसे नियोजन नीति पर बात रखने की मांग की।
इसको लेकर सदन में हंगामा होने लगा। हंगामें के बीच ही मुख्यमंत्री ने विपक्ष से पूछा कि सबसे पहले यह बताइये की आप 60-40 के समर्थक हैं या 1932 के। विपक्ष ने कहा कि 1932 के। इस पर सीएम बोले कि अगर आप 1932 के समर्थन में हैं तो कोर्ट क्यों जाते हैं। रमेश हांसदा कौन है।
सत्ता पक्ष ने लोकसभा को हाईजैक कर ठप कर दिया। हेमंत सोरेन ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसा नहीं है कि पूरा हथियार का जखीरा इनके पास है। देश के आदिवासी दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक जिनके विषय में भी चर्चा होती है, वही देश की सर्वोच्च पंचायत लोकसभा पूरी तरह ठप है।
देश के इतिहास में यह पहली बार हुआ होगा कि सत्ता पक्ष ने ही लोकसभा को हाईजैक कर रखा है। उसे पूरी तरह ठप कर दिया है। आज देख रहे हैं कि यहां भी विपक्ष उसकी को दुहरा रहा है। सदन को ठप करने की कोशिश कर रहा है। इनके पास ना कोई मुद्दा है और ना ही कोई विषय। राम भक्तों को कुर्ता फाड़कर भक्ति साबित करनी पड़ रही है।
मुख्यमंत्री मंगलवार को सदन में भाजपा विधायक मनीष जायसवाल के कुर्ता फाड़ने पर नाराजगी जाहिर करते हुए स्पीकर से कहा कि इनका जो तमाशा और सदन में आचरण हुआ है। जो विडियोग्राफी की गयी है, उस आधार पर कार्रवाई होनी चाहिए।
अब राम भक्तों को भी कपड़े फाड़कर यह साबित करना पड़ रहा है कि हम राम भक्त हैं। ईश्वर सबको देख रहा है। 20 साल इन्होंने सत्ता चलाया। रांची के तपोवन मंदिर और भूमि पर एक रुपया खर्च नहीं किया। इस बात को किसी ने हमारे संज्ञान में भी नहीं दिया। लेकिन हमने काम भी किया और शोर भी नहीं किया।
मंगलवार को मंदिर और आसपास के सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास किया। सीएम बोले कि इन लोगों को यह लग रहा है कि हम देश की सत्ता में काबिज हैं, तो पूरी दुनिया में काबिज हो चुके हैं। जिस तरह से इन्हें सवालों में घेरा जा रहा है। यह किस तरह बचने की कोशिश कर रहे हैं। यह उसका हिस्सा है।
सरकार अपना समय आने पर जवाब देगी। सीएम ने कहा कि सरकार अपना काम भी करेगी और समय आने पर जवाब भी देगी। सदन में कपड़े फाड़ना, तरह-तरह के रूप धारण करके आना, बहुरुपिया का काम है। यह सिर्फ ड्रामेबाजी हो रही है।
सभी विधायकों को जवाब देना है। सभी की जिम्मेवारी है। क्षेत्र में जनता उनसे सवाल पूछेगी। उन्हें लगता है वह सवालों से बच जायेंगे। इसलिए वह ऐसा कर रहे हैं। सीएम बोले कि हम सभी सवालों जवाब देंगे।
पिछले दिनों कार्य मंत्रणा समिति की हुई बैठक में जो निर्णय हुआ है, उस पर अमल किया जायेगा। वे नियोजन नीति सहित अन्य विषयों पर भी जवाब देंगे। इसके पहले सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस की शिल्पी नेहा तिर्की ने महिलाओं के सम्मान में दो मिनट मौन की मांग की।
उन्होंने भाजपा विधायकों के आचरण का विरोध किया। कांग्रेस विधायक ने कहा कि देश में महिलाओं का सम्मान खत्म किया जा रहा है। इसके विरोध में सदन में सदस्यों को दो मिनट का मौन रखना चाहिए। हमारी विधायक दीपिका पांडे सिंह को भी भाजपा सांसद ने अपमानित किया है।
वहीं, इरफान अंसारी ने कल बांग्लादेशी बोले जाने पर मनीष जायसवाल का विरोध किया। उन्होंने कहा कि कल मनीष जायसवाल ने कुर्ता फाड़ा था। आज लूंगी पहन के आए हैं, क्या लूंगी फाड़ेंगे। यह आचरण गलत है। कार्रवाई होनी चाहिए। इस पर स्पीकर रवींद्र नाथ महतो ने कहा कि जिन विधायकों ने सदन की गरिमा के प्रतिकूल आचरण किया है, वे उसकी जांच करायेंगे।
द्वितीय पाली में कटौती प्रस्ताव पर भाजपा के बिरंची नारायण ने कहा कौन हैं राजीव अरुण एक्का। सीएम के प्रधान सचिव थे विशाल चौधरी दलाल के घर फाइल निपटा रहे थे। दूसरी तरफ नियोजन पर झूठ बोल कर चले जाते हैं सीएम। मुख्यमंत्री ने पूर्व में कहा था कि 1932 कानून सम्मत नहीं है।
ईडी का प्रेम पत्र आया तो 1932 लागू करने की बात कहने लगे। 1 दिन का सत्र बुलाया। जोहार यात्रा निकाला। जब हाई कोर्ट ने हंटर चलाया और नियोजन को रद्दी की टोकरी में फेंकवा दिया तो इन्हें रघुवर दास के पहले की नीति याद आ गई। बिरंची नारायण ने कहा कि मुख्यमंत्री सदन में कहते हैं कि 23 साल में 20 साल तक भाजपा वालों का शासन रहा है।
उन्होंने कहा कि अगर ऐसा है तो सवा 3 साल से आप राज कर रहे हैं। इसके पहले मधु कोड़ा भी सीएम रहे हैं। गुरुजी भी सीएम रहे हैं। उनके कार्यकाल का क्या हुआ। क्या सीएम भांग खाकर आए हैं। क्या गांजा पीकर आए हैं कि ऐसी भ्रामक बातें कह रहे हैं। बिरंची नारायण ने कहा कि जो हिंदू धर्म से खिलवाड़ करेगा। वह अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में जाएगा।
कटौती प्रस्ताव लाने वाले भाजपा विधायक सीपी सिंह ने राज्य सरकार पर साधा निशाना। उन्होंने कहा कि जनवरी 2022 से दिसंबर 2022 तक हत्या के 1769, डकैती के 112ए लूट के 718, चोरी के 10,714 अपहरण के 1663 बलात्कार के 1611, नक्सलवाद से जुड़े 305 और अन्य 44078 मामले यानी एक वर्ष में झारखंड में कुल 64341 अपराधिक घटनाएं हुई हैं।
पलामू में मुख्यमंत्री ने अधिकारी को निर्देश दिया था कि गौ तस्करी करने वाली गाड़ियों को ना पकड़ें। सीपी सिंह ने कहा कि ऐसी स्थिति में राज्य की विधि व्यवस्था का क्या हाल होगा। यह कोई भी समझ सकता है। प्रतिबंध के बावजूद यहां कैसे हो रही है गौ हत्या। एक दुकान पर लिखा हुआ था बीफ स्पेशल।
मैंने थाना प्रभारी को फोन किया और कहा कि कार्रवाई नहीं होगी तो मैं धरना दूंगा। इसके कुछ ही घंटों के भीतर ही उन शब्दों को पेंट करके ढक दिया गया। द्वितीय पाली में प्रभारी मंत्री कार्मिक प्रशासनिक व सुधार विभाग तथा मंत्रिमंडल समन्वय विभाग का अनुदान मांग पारित किया गया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse