टीम एबीएन, रांची। रांची के सांसद संजय सेठ ने आज नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात के क्रम में सांसद ने उन्हें हाल की अपनी गतिविधियों से अवगत कराया। सांसद ने परीक्षा पे चर्चा से पूर्व बच्चों के लिए हुए ड्राइंग प्रतियोगिता से अवगत कराते हुए पुरस्कृत पेंटिंग्स को प्रधानमंत्री के अवलोकन हेतु समर्पित किया।
प्रधानमंत्री ने बच्चों की पेंटिंग की खूब सराहना की। इस आयोजन के लिए प्रधानमंत्री ने सांसद को साधुवाद दिया। सांसद ने हाल में ही खेलगांव में संपन्न हुए सांसद खेल महोत्सव की जानकारी भी प्रधानमंत्री को दी और इससे संबंधित बुकलेट उन्हें भेंट किया। उन्होंने प्रधानमंत्री को बताया कि इस खेल महोत्सव में 5000 से अधिक खिलाड़ियों ने शिरकत की। प्रधानमंत्री ने सांसद खेल महोत्सव के सफलतम आयोजन के लिए सांसद को बधाई और साधुवाद दिया।
वहीं श्री अन्न होली मिलन समारोह में हुए कार्यक्रम से भी सांसद ने अवगत कराया और प्रधानमंत्री को बताया कि इस होली मिलन समारोह में सिर्फ श्री अन्न यानि मोटे अनाज से बने पकवान बनाये गये ताकि स्थानीय और छोटे किसानों और उनकी उपज के प्रति लोगों का रुझान बढ़े। श्री अन्न के प्रति लोगों की जागरूकता बढ़े।
मई के प्रथम सप्ताह में आयोजित होने वाले सांसद सांस्कृतिक महोत्सव से भी सांसद ने प्रधानमंत्री को रूबरू कराया और बताया कि रांची लोकसभा क्षेत्र के कलाकारों के प्रमोशन और मोटिवेशन के उद्देश्य से इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें रांची लोकसभा क्षेत्र के कलाकारों को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराया जायेगा। आगे भी कला और संस्कृति के संरक्षण के लिए काम किया जायेगा।
श्री सेठ ने प्रधानमंत्री को रांची में चल रहे बुक बैंक से अवगत कराया और बताया कि अभी तक बुक बैंक से 3 लाख 20 हजार से अधिक पुस्तकें विद्यार्थियों के बीच वितरित की जा चुकी है। वहीं प्रधानमंत्री के सुझाव पर आरंभ किये गये टॉय बैंक की प्रगति की जानकारी भी सांसद ने प्रधानमंत्री को दी और बताया कि अब तक बैंक के माध्यम से 47 हजार से अधिक खिलौने विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्र और बच्चों के बीच वितरित किया जा चुका है।
प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद सांसद संजय सेठ ने बताया कि प्रधानमंत्री ने रांची लोकसभा क्षेत्र में चल रही सामाजिक गतिविधियों की तारीफ की है और लोकसभा क्षेत्र के लिए अपनी शुभकामनाएं दी। सांसद ने बताया कि यह मेरा सौभाग्य है कि आज अपनी गतिविधियों को प्रधानमंत्री के समक्ष रखने का अवसर प्राप्त हुआ। समाज हित में मेरी गतिविधियां आगे भी जारी रहेंगी, इसके लिए प्रधानमंत्री से आशीर्वाद भी मिला। उनसे मुलाकात के बाद नयी ऊर्जा और उत्साह भी मिला है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse