एबीएन सेंट्रल डेस्क। चीन और पाकिस्तान के साथ भारत का लगातार विवाद चल रहा है। चीन ने कई बार समुद्र में भी हिमाकत करने की कोशिश की, जिसका भारतीय नौसेना ने कड़ा जवाब दिया। अब नौसेना ने अपनी क्षमता बढ़ाने के लिए एक अहम फैसला लिया है। जिसके तहत 200 से ज्यादा ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों का आर्डर दिया जायेगा। ये सौदा 20 हजार करोड़ से ज्यादा का है।
सूत्रों के मुताबिक जल्द ही रक्षा अधिग्रहण परिषद की बैठक में इसको लेकर चर्चा होने वाली है। भारतीय नौसेना अपनी घातक मारक क्षमता को और बढ़ाने के लिए 200 से ज्यादा ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों के आर्डर देने के लिए तैयार है। ये डील रक्षा मंत्रालय में आखिरी चरण में है। इसके बाद समुद्र में भारत की ताकत काफी ज्यादा बढ़ जाएगी। साथ ही पाकिस्तान और चीन दोनों ही मोर्चे पर नौसेना मजबूती के साथ काम कर सकेगी।
अभी हाल ही में भारतीय नौसेना के कोलकाता-श्रेणी के युद्धपोत से ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल का परीक्षण किया गया। इस टेस्टिंग में एक उन्नत मॉड्यूलर का इस्तेमाल किया गया, जिसको भारत में ही तैयार किया गया था। टेस्टिंग में मिसाइल तय पथ पर गई और अरब सागर में अपने टारगेट को तबाह कर दिया।
वैसे तो भारत और रूस ने मिलकर इस मिसाइल को तैयार किया था, लेकिन डीआरडीओ ने इसे पूरी तरह से भारत की जरूरत के हिसाब से मॉडिफाई कर दिया है। साथ ही इसके ज्यादातर उपकरण भी स्वदेशी होते जा रहे हैं। ये मिसाइल जमीन, फाइटर प्लेन और युद्धपोत तीनों जगहों से दागी जा सकती है।
साथ ही ये 200 किलो का वॉरहेड ले जाने में सक्षम है। इसके अलावा मिसाइल अपने लक्ष्य पर 4321 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हमला करके उसे तबाह कर सकती है। ये मिसाइल कम दूरी पर उड़ान भरकर आसानी से दुश्मन के रडार को चकमा दे सकती है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse