टीम एबीएन, रांची। रांची के मैकलुस्कीगंज में नक्सलियों की गोलीबारी में दो मजदूर घायल हो गये हैं। दोनों मजदूरों के पैर में गोली लगी है। घायलों को तत्काल बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया। वहीं, पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है। नक्सलियों ने गोलीबारी के बाद घटनास्थल पर पर्चा छोड़ कर पुलिस मुखबिरी बंद करने की चेतावनी दी है।
बताया जाता है कि बुधवार देर रात मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र के जोभिया में नक्सलियों ने धावा बोलकर राजन साहू के ईंट भट्ठा में गोलीबारी की। लातेहार जिले की जंगल की ओर से सात-आठ की संख्या में आये नक्सलियों का नेतृत्व एक वर्दीधारी कर रहा था। नक्सलियों के ईंट भट्ठा में आते ही कार्यरत मजदूरों से भट्ठा संचालक राजन साहू का मोबाइल नंबर मांगा। जब तक मजदूर कुछ समझ पाते नक्सलियों ने गोली चला दी। इस गोलीबारी में मांडर निवासी राजकुमार (40) और लातेहार निवासी सोमरा उरांव (25) घायल हो गये।
दोनों मजदूरों के पैर में गोली लगी है। घटना को अंजाम देने के बाद नक्सलियों ने एक पर्चा छोड़ते हुए ठेकेदार, ईंट भट्ठा संचालक, कोयला व्यवसायी को धमकी देते हुए पुलिस मुखबिरी बंद करने की चेतावनी दी। पर्चा किसी माओवादी के कोयल शंख जोनल कमेटी के नाम से जारी किया गया है। घटना को अंजाम देने के बाद नक्सली लातेहार जंगल की ओर चले गये।
घटना की सूचना मिलते ही खलारी डीएसपी अनिमेष नैथानी एवं मैक्लुस्कीगंज थाना प्रभारी राणा जंग बहादुर सिंह घटनास्थल पर पहुंचे व घायल मजदूरों को इलाज के लिए तत्काल रिम्स भिजवाया। नक्सलियों द्वारा छोड़े गये पर्चे को जब्त कर संभावित जगहों पर छापेमारी शुरू कर दी गयी है।
मैक्लुस्कीगंज सहित खलारी, डकरा, पिपरवार एक औद्योगिक क्षेत्र है, जहां कई आपराधिक गुट और उग्रवादी संगठन सक्रिय हैं। वे समय-समय पर लेवी की उगाही के चलते घटनाओं को अंजाम देते रहते हैं। अब नक्सलियों की उपस्थिति ने स्थानीय एवं जिला पुलिस को चुनौती दी है। इस संबंध में मैक्लुस्कीगंज थाना प्रभारी राणा जंग बहादुर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए पर्चा मिलने की बात कही है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse