टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रामगढ़ जिले में उपचुनाव को लेकर एक जनसभा को संबोधित करते हुए लोगों को बैंकों में पैसा जमा नहीं करने की सलाह दी थी, जिसके बाद वह विवादों में घिर गये हैं। गोड्डा लोकसभा सीट से सांसद डॉक्टर निशिकांत दुबे ने मुख्यमंत्री के बयान को मूर्खतापूर्ण बताते हुए इसकी आलोचना की है।
सीएम जनता से इस तरह के गलत कदम उठाने के लिए कह रहे हैं : निशिकांत दुबे ने कहा है कि देश पूरी दुनिया में पीएम मोदी के नेतृत्व में सम्मान पा रहा है। उन्होंने ये भी कहा है कि पैसा सुरक्षित भी है और विकास के लिए लग रहा है। उन्होंने हेमंत सोरेन के एक-एक आरोप का जवाब देते हुए एक पत्र भी ट्वीट किया है, जिसमें सीएम के आरोप का भी उल्लेख है। निशिकांत दुबे ने सीएम सोरेन पर हमला बोलते हुए कहा कि एक संवैधानिक पद पर होते हुए हेमंत सोरेन जनता से इस तरह के गलत कदम उठाने के लिए कह रहे हैं। ये हेमंत सोरेन के डर को दिखाता है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की लोकप्रियता बढ़ती जा रही है।
हेमंत जी क्या ये चाहते हैं कि जनता भ्रष्टाचार को गले लगा ले? : उन्होंने कहा है कि मोदी सरकार ने गरीब, पिछड़े और आदिवासियों का वित्तीय सिस्टम में समावेश किया। उनके बैंक खाते खुलवा कर उनको साहूकारों से मुक्ति दिलायी। निशिकांत दुबे ने ये भी कहा कि अकेले झारखंड में ही 97 लाख से अधिक मुद्रा लोन और 1 करोड़ 62 लाख से अधिक जन धन योजना के लाभार्थी हैं। उन्होंने ये भी कहा है कि पहले मनरेगा के पैसे ठेकेदार और सरकारी तंत्र के लोग खा जाते थे। अब डीबीटी से पैसा सीधे लाभार्थी के खाते में पहुंच रहा है। हेमंत जी क्या ये चाहते हैं कि जनता भ्रष्टाचार को गले लगा ले?
दीपक प्रकाश ने सीएम के इस बयान को बताया असंवैधानिक : उधर, भाजपा नेता दीपक प्रकाश ने भी पैसा जमीन में गाड़कर रखने वाले बयान को असंवैधानिक बताते हुए कहा है कि ये गैरकानूनी और भ्रष्टाचारियों, काला धन को बढ़ावा देने वाला है। भाजपा नेता दीपक प्रकाश ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ट्वीट कर घेरा है। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री अपने इस बयान को लेकर जनता से तुरंत माफी मांगें।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse