एबीएन सेंट्रल डेस्क। भाजपा सांसद संजय सेठ ने बीते मंगलवार को राजधानीवासियों का आह्वान किया कि जी-20 के मेहमानों के समक्ष हम सभी अपनी राजधानी का सुंदर स्वरूप दिखायेें उन्होंने कहा कि इस बैठक की मेजबानी मिलना रांची के लिए गौरव की बात है।
सांसद संजय सेठ ने कहा कि 2 और 3 मार्च को घरों के सामने दो-दो दीपक जलायें। जिन रास्ते से अतिथि गुजरेंगे, उन रास्तों पर पुष्प वर्षा करें। गाड़ी चलाते समय प्रयास करें कि कम से कम हॉर्न बजायें। यातायात नियमों का पालन करें। होटल संचालक अपने होटलों को बेहतर तरीके से सजायें। हवाई अड्डा, रेलवे स्टेशन को भी सजाया जाये। चौक-चौराहों पर फूलों की रंगोली बनायें। अपने- अपने घरों के सामने फूल वाले गमले लगायें।
सेठ ने कहा कि नगर निगम भी सुनिश्चित करें कि सभी टेंपो वाले एक ड्रेस में हों। टेंपो संचालक भी अनुशासित होकर टेंपो चलायें। उन्होंने बताया कि 22 फरवरी शाम 4:30 बजे मारवाड़ी भवन, हरमू रोड में विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों की बैठक होगी, जिसमें प्रतिनिधियों के स्वागत और शहर को बेहतर करने से संबंधित विचार आमंत्रित किये गये हैं। वहीं, एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था और जिस रूट से डेलिगेट्स की गाड़ियां चलेंगी, वहां ट्रैफिक कैसे स्मूथ किया जा सके, इस पर फोकस किया जा रहा है।
बता दें कि आने वाली 2 मार्च को जी20 समिट का आगाज होना है, जिसमें 20 देशों के 60 डेलीगेट भाग लेंगे। जी20 समिट के लिए सभी डेलीगेट 1 मार्च को रांची पहुंचेंगे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से उन्हें हिनू चौक, बिरसा चौक, अरगोड़ा चौक, कडरू और पंजाबी हिंदू बिरादरी भवन होते हुए होटल रेडिसन ब्लू और होटल चाणक्य बीएनआर ले जाया जायेगा।
इस दौरान सभी डेलीगेट्स को हाई सिक्योरिटी में एयरपोर्ट से होटल पहुंचाया जायेगा। जी20 की पहली बैठक सीसीएल के दरभंगा हाउस में होनी है। डेलीगेट्स के रहने की व्यवस्था होटल रेडिसन ब्लू में की गयी है। प्रशासन ने जेएससीए प्रबंधन को किसी तरह की बुकिंग नहीं लेने का आदेश दिया है ताकि जरूरत पड़ने पर डेलीगेट्स के लिए प्रशासन इन कमरों का उपयोग कर सके। वहीं, समिट में शामिल होने वाले विदेशी मेहमान पतरातू लेक भी जायेंगे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse