सबसे उम्रदराज शीर्ष टेस्ट गेंदबाज बने जेम्स एंडरसन

 

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। इंग्लैंड के मध्यम-तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन बुधवार को टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले सबसे उम्रदराज गेंदबाज बन गये। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की नवीनतम रैंकिंग में एंडरसन ने 866 रेटिंग पॉइंट के साथ आस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस (858) को पछाड़कर पहला स्थान हासिल कर लिया। एंडरसन यह उपलब्धि 40 वर्ष 207 दिन की उम्र में हासिल करके शीर्ष पर पहुंचने वाले सबसे उम्रदराज गेंदबाज बन गये। 

इंग्लैंड के शीर्ष गेंदबाज ने न्यूजीलैंड के विरुद्ध माउंट मोंगानुई टेस्ट में सात विकेट लेकर अपनी टीम की 267 रन की विशाल जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। वह सबसे पहले साल 2016 में टेस्ट गेंदबाजों की नंबर एक रैंकिंग पर पहुंचे थे, जबकि 2018 में उन्होंने दूसरी बार नंबर एक टेस्ट गेंदबाज का ताज पहना था। 

एंडरसन ने भले ही शीर्ष टेस्ट गेंदबाज के रूप में कमिंस का चार साल का वर्चस्व समाप्त कर दिया हो, लेकिन वह भारत के दिग्गज हरफनमौला रविचंद्रन अश्विन से ज्यादा दूर नहीं हैं। आस्ट्रेलिया के विरुद्ध बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में अपने दमदार प्रदर्शन की बदौलत अश्विन 864 रेटिंग पॉइंट के साथ दूसरी रैंक पर आ गये हैं और एंडरसन से सिर्फ दो अंक पीछे हैं। 

इसी बीच, भारतीय हरफनमौला रवींद्र जडेजा ने अपने आलराउंड प्रदर्शन के दम पर आईसीसी की टेस्ट आॅलराउंडर रैंकिंग में करियर की सर्वश्रेष्ठ 460 रेटिंग हासिल कर ली। टेस्ट हरफनमौलाओं की सूची में जडेजा और अश्विन (329) क्रमश: पहले और दूसरे स्थान पर विराजमान हैं, जबकि अक्षर पटेल (283) ने भी दो पायदान का सुधार किया है। 

जडेजा टेस्ट गेंदबाजों की सूची में भी छह पायदान की छलांग लगाकर नौंवे स्थान पर आ गये हैं। वह अश्विन और जसप्रीत बुमराह (पांचवीं रैंक) के बाद शीर्ष 10 टेस्ट गेंदबाजों में तीसरे भारतीय हैं।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse