एबीएन सेंट्रल डेस्क। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित भगवान शिव के पांचवें ज्योतिर्लिंग केदारनाथ धाम के कपाट इस यात्रा वर्ष मंगलवार 25 अप्रैल को प्रात:6 बजकर 20 मिनट पर श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खुलेंगे। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शनिवार को बाबा केदार के पंचकालीन गद्दी स्थल पर श्री ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ में आयोजित धार्मिक समारोह में पंचाग गणना पश्चात विधि-विधान से यह तिथि घोषित की गईं।
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति, पंचगाई हक-हकूकधारियों सहित केदारनाथ तीर्थ पुरोहित समाज तथा श्रद्धालुगणों, स्थानीय प्रशासन की उपस्थिति में आचार्य वेदपाठियों द्वारा श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि सुनिश्चित की गयी। केदारनाथ, बद्रीनाथ मंदिर समिति के प्रवक्ता डा हरीश गौड़ ने बताया कि 20 अप्रैल को भैरवनाथ जी की पूजा होगी तथा 21 अप्रैल शुक्रवार को भगवान केदारनाथ जी की पंचमुखी डोली केदारनाथ प्रस्थान करेगी।
इस दिन पंचमुखी डोली विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी विश्राम करेगी। इसके बाद 22 अप्रैल को रात्रि विश्राम हेतु डोली फाटा पहुंचेगी। आगामी 23 अप्रैल को पंचमुखी डोली फाटा से रात्रि विश्राम हेतु गौरीकुंड पहुंचेगी। 24 अप्रैल को पंचमुखी डोली गौरीकुंड से केदारनाथ धाम पहुंचेगी तथा 25 अप्रैल मंगलवार प्रात: 6 बजकर 20 मिनट पर केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए दर्शनार्थ खुलेंगे।
उल्लेखनीय है कि बदरीनाथ धाम के कपाट इस यात्रा वर्ष 27 अप्रैल गुरुवार को खुल रहे हैं। परंपरागत रूप से अक्षय तृतीया को श्री गंगोत्री- यमुनोत्री धाम के कपाट खुलते हैं। इस वर्ष अक्षय तृतीया 22 अप्रैल को है। अब चैत माह में गंगोत्री-यमुनोत्री मंदिर समितियों द्वारा कपाट खुलने की तिथियों की विधिवत घोषणा की जायेगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse