टीम एबीएन, पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समाधान यात्रा के क्रम में समस्तीपुर जिले में विभिन्न विभागों द्वारा चलाये जा रहे विकास योजनाओं की प्रगति के संबंध में समस्तीपुर समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय समीक्षात्मक बैठक की। इस समीक्षात्मक बैठक में समस्तीपुर जिले के सांसद, विधायकगण तथा विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव/प्रधान सचिव/सचिव शामिल हुए।
बैठक में समस्तीपुर के जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अपने प्रस्तुतीकरण में हर घर नल का जल, हर घर तक पक्की गली-नालियां, बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना/कुशल युवा कार्यक्रम, सात निश्चय-1 के तहत जिले में निर्माण किये जाने वाले भवनों की स्थिति, पॉलिटेक्निक संस्थानों में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना एवं मत्स्य संसाधन के विकास के संबंध में जानकारी दी।
साथ ही मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के शैक्षणिक उत्थान के लिए आवासीय विद्यालय, मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति छात्रावास अनुदान योजना, महादलित सामुदायिक भवन सह वर्क शेड योजना, जीविका समूह का गठन, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, उच्चतर शिक्षा हेतु महिलाओं को प्रोत्साहन, अल्पसंख्यक छात्रावास योजना, मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक छात्रावास अनुदान योजना, अल्पसंख्यक मुस्लिम परित्यक्ता/तलाकशुदा महिला सहायता योजना, मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक रोजगार ऋण योजना, मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग छात्रावास योजना, अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण छात्रावास योजना (पिछड़ा एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए), जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास योजना (अति पिछड़ा वर्ग हेतु), हर खेत तक सिंचाई का पानी सहित अन्य योजनाओं के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी गयी।
बैठक में शामिल जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं रखीं। जनप्रतिनिधियों की समस्याओं के यथाशीघ्र समाधान हेतु मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया। बैठक में मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि हर घर नल-जल योजना को मेंटेन रखें ताकि लोगों को निरंतर इसका लाभ मिलता रहे। मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत बच्चियों का आधार पंजीकरण सुनिश्चित करवायें। 2 वर्ष पर संपूर्ण टीकाकरण के पश्चात् दी जाने वाली आर्थिक मदद तत्काल उपलब्ध करवायें, इसमें विलंब न करें, यह काफी आवश्यक है।
उच्चतर शिक्षा हेतु महिलाओं को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि का भुगतान ससमय करवायें। इस संबंध में प्राप्त होने वाले आवेदनों का त्वरित निष्पादन करें, इसमें देर न करें। जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास योजना के तहत निर्मित होने वाले छात्रावास भवनों का निर्माण कार्य तेजी से पूर्ण करवाकर उन्हें यथाशीघ्र फंक्शनल करें ताकि इसका लाभ छात्रों को मिल सके। समस्तीपुर में जीविका स्वयं सहायता समूहों का गठन अच्छी संख्या में की गयी है। इसकी संख्या और बढ़ाएं तथा अधिक से अधिक महिलाओं को समूह से जोड़ने की दिशा में काम करें।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse