एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। आईसीसी की ताजा टी20 रैंकिंग में भारतीय आलराउंडर हार्दिक पांड्या को बड़ा फायदा हुआ है। बतौर आॅलराउंडर उन्होंने अपने टी20 करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल की है। हार्दिक को न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन का फायदा मिला है और टी20 में आलराउंडर की रैंकिंग में वह दूसरे स्थान पर आ गये हैं। हार्दिक के अलावा अर्शदीप सिंह और शुभमन गिल को भी बड़ा फायदा हुआ है। वनडे रैंकिंग में इंग्लैंड के खिलाड़ियों को फायदा हुआ है, जिन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था।
हार्दिक ने मोटेरा में न्यूजीलैंड के खिलाफ 16 रन देकर चार विकेट लिए थे और 17 गेंद पर 30 रन की पारी भी खेली थी। इसके बाद वह टी20 आलराउंडर रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने मोहम्मद नबी को पीछे छोड़ा है। हार्दिक 250 रेटिंग अंक के साथ दूसरे स्थान पर हैं और शीर्ष पर मौजूद शाकिब अल हसन से दो प्वाइंट दूर हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने भी शानदार गेंदबाजी की थी और मोटेरा में 16 रन देकर दो विकेट लिए थे। वह आठ स्थान के फायदे के साथ 13वें स्थान पर पहुंच गये हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ 63 गेंदों में शानदार 126* रन की शानदार पारी खेलने वाले शुभमन गिल को भी बल्लेबाजों की रैंकिंग में बड़ा फायदा हुआ है।
23 वर्षीय गिल केवल छह टी20 अंतरराष्ट्रीय खेलने के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजी रैंकिंग में 168 स्थान की छलांग लगाकर 30वें स्थान पर पहुंच गये हैं। भारत के सूर्यकुमार यादव बल्लेबाजों में शीर्ष स्थान पर काबिज हैं, जबकि अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान शीर्ष गेंदबाज बने हुए हैं।
इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी आईसीसी वनडे रैंकिंग में फायदा हुआ है। 131 रन की पारी खेलने वाले जोस बटलर छह पायदान के फायदे के साथ 20वें स्थान पर पहुंच गए हैं। इंग्लैंड के डेविड मलान ने भी शानदार बल्लेबाजी की थी और बटलर के साथ 232 रन की साझेदारी की थी।
उन्हें 31 स्थान का फायदा हुआ है और वह 58वें पायदान पर पहुंच गये हैं। चोट से वापसी करने वाले जोफ्रा आर्चर ने 40 रन देकर छह विकेट लिए थे। 2020 के बाद से पहला वनडे मैच खेल रहे आर्चर को बेहतरीन प्रदर्शन का फायदा मिला है। वह वनडे में गेंदबाजों की रैंकिंग में 13 स्थान की छलांग लगाकर 22वें स्थान पर पहुंच गये हैं।
दक्षिण अफ्रीका के हेनरिक क्लासेन ने इंग्लैंड के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए 62 गेंदों में 80 रन बनाए थे। वह 11 स्थान के फायदे के साथ 42वें स्थान पर आ गए हैं। पाकिस्तान के बाबर आजम अभी भी बल्लेबाजों की रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज हैं। वहीं, गेंदबाजों में भारत के मोहम्मद सिराज शीर्ष पर बने हुए हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse