टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए भव्य आशीर्वचन सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कक्षा एकादश के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया। तत्पश्चात गणेश वंदना की मोहक प्रस्तुति दी गयी।
कक्षा एकादश के विद्यार्थियों ने हृदयस्पर्शी लघुनाटिका, लोकनृत्य, संगीत आदि प्रस्तुत करके सबका मन मोह लिया। कक्षा 12वीं के वर्ग शिक्षक तथा शिक्षिकाओं ने अपने विद्यार्थियों को आगामी सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों को परीक्षा में सफलता प्राप्त करने के गुर भी सिखाये। साथ ही उन्हें एक अच्छा इंसान बनने को प्राथमिकता देने की बात भी कही। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विद्यार्थी परीक्षा में अच्छी सफलता प्राप्त करके विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर कक्षा द्वादश के विद्यार्थियों ने भी अध्यापकों के प्रति अपने मनोभाव व्यक्त किये। वे बहुत भावुक नजर आये। उन्होंने अपने सभी अध्यापकों का शुक्रिया अदा किया। प्राचार्य श्री संजय कुमार मिश्रा ने अपने आशीर्वचनों में कहा कि मानव तो ईश्वर बनाते हैं, पर उनमें मानवता डीएवी संस्था भरती है। उन्होंने विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं दीं तथा डीएवी के द्वारा दिये गये संस्कारों का संवहन करते हुए मानवता को सर्वोपरि स्थान देने की सीख दी।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने की दिशा में सतत प्रयत्नशील रहें। साथ ही अपने स्वास्थ्य पर भी ध्यान दें। अपने जीवन को अनुशासित रखकर परिश्रम करने पर कोई भी लक्ष्य अछूता नहीं रह सकता। सफलता अवश्य ही कदम चूमती है। इस समारोह में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse