फिंच ने लिया टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास

 

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान एरन फिंच ने टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले लिया है। फिंच ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि मैंने हमेशा आॅस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व करने का मूल्य समझा। मैं सौभाग्यशाली था जो यह काम 12 वर्षों तक कर सका और हर लम्हे का आनंद लिया। मैं अपने इस सफर में आस्ट्रेलिया और दुनियाभर से मिले समर्थन के लिए आभारी हूं। 

फिंच ने कहा कि यह जानते हुए कि मैं 2024 में अगले टी20 विश्व कप तक नहीं खेलूंगा, अब सही समय है कि मैं पद छोड़ दूं और टीम को योजना बनाने और उस टूनार्मेंट की तैयारी के लिए समय दूं। टी20 अंतरराष्ट्रीय में आस्ट्रेलिया के सबसे सफल कप्तान और बल्लेबाज फिंच ने अपनी टीम को टी20 विश्व कप 2021 का खिताब जिताया था। 

उन्होंने अपने सुसज्जित करियर में 103 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलकर 142.5 के स्ट्राइक रेट से 3120 रन बनाये। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे बड़ा स्कोर (172 रन) स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं। आस्ट्रेलिया में पिछले साल हुए टी20 विश्व कप 2022 में मेजबान टीम के लीग स्टेज में बाहर होने के बाद फिंच के संन्यास की अटकलें लगने लगी थीं। 

आस्ट्रेलिया के कोच एंर्ड्यू मैकडॉनल्ड ने फिंच को सलाह दी थी कि वह जल्दबाजी में कोई फैसला न लें, हालांकि बिग बैश 2023 ने उनके लिये सब कुछ साफ कर दिया। क्रिकेट आस्ट्रेलिया ने फिंच के हवाले से बताया कि वह हमेशा बिग बैश को पूरा करके फिर से आकलन करना चाहते थे, लेकिन बीबीएल में हर मैच के बाद उनके शरीर में दर्द हो रहा था जिसे ठीक होने में एक-दो दिन का समय लगता था। 

फिंच ने कहा कि मैंने इस पर लंबे समय तक विचार किया। मैचों के बीच बड़ा अंतराल 2024 में (वेस्टइंडीज और यूएसए में) अगले टी20 विश्व कप की योजना बनाने और तैयार होने के लिये सभी को समय देगा, क्योंकि मैं खुद को वहां खेलता हुआ नहीं देख सकता।  उल्लेखनीय है कि आॅस्ट्रेलिया के लिये 250 सीमित ओवर मैच और पांच टेस्ट खेल चुके फिंच खेल के अन्य दो प्रारूपों से पहले ही संन्यास ले चुके हैं। वह बिग बैश लीग में मेलबर्न रेनेगेड्स के लिए खेलना जारी रखेंगे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse