टीम एबीएन, पलामू/रांची। नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय का 14 वां स्थापना दिवस समारोह का आयोजन विश्वविद्यालय के कौटिल्य प्रशासनिक भवन में किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि प्रमंडलीय आयुक्त जटाशंकर चौधरी ने विश्वविद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों सहित विश्वविद्यालय परिवार को विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस पर बधाई दी।
आयुक्त ने विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं के बेहतर प्रदर्शन से विश्वविद्यालय का मान-सम्मान बढ़ेगा। किसी भी विश्वविद्यालय अथवा संस्थान का नाम बड़ा बिल्डिंग एवं शिक्षकों की नियुक्ति से नहीं होती, विभिन्न क्षेत्रों में छात्र-छात्राओं का उल्लेखनीय प्रदर्शन से विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा बढ़ेगी। बेहतर प्रदर्शन कर विद्यार्थी अपने करियर को ऊंचा करें और अपने परिवार, समाज के साथ-साथ विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा को बढ़ाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि अच्छे से पढ़-लिखकर विभिन्न क्षेत्रों में अच्छा करना आवश्यक है। विद्यार्थी अच्छा करेंगे, तो उनके लिए भी अच्छा होगा और विश्वविद्यालय का भी नाम रौशन होगा।
सभी लोग गर्व से कहेंगे कि यह नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय का विद्यार्थी हैं, जिन्होंने बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने शोध के क्षेत्र में नवाचार को अपनाने एवं बेहतरी की आवश्यकता पर बल दिया।
आयुक्त ने कहा कि विश्वविद्यालय में मूलभूत आवश्यकता एक बात है, लेकिन सफल होने के लिए छात्र-छात्राओं को जिज्ञासु होना आवश्यक है। उन्होंने विश्वविद्यालय से सेवानिवृत्त शिक्षकों से कहा कि शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होते। जबतक उनका शरीर, दिल एवं दिमाग काम कर रहा है, वे काम कर सकते हैं। उन्होंने सेवानिवृत्त शिक्षकों से सेवा देने की अपील करते हुए कहा कि आप छात्र- छात्राओं को पढ़ायेंगे, तो आप भी स्वस्थ रहेंगे और छात्र-छात्राओं को भी आपके अनुभव का शैक्षणिक लाभ मिलेगा। उन्होंने नेशनल एजुकेशन पॉलिसी के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एजुकेशन पॉलिसी को लागू करने में विश्वविद्यालय की अहम भूमिका है। एजुकेशन पॉलिसी में शिक्षा की आधुनिक जरूरत के अनुसार कई चीजों का समावेश किया गया है।
पलामू जोन के आईजी राज कुमार लकड़ा ने नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस पर सभी को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि रांची विश्वविद्यालय से अलग होकर यह स्वतंत्रत विश्वविद्यालय के रूप में स्थापित हुआ। इसके बाद से यह विश्वविद्यालय उत्तरोत्तर विकास कर रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त किया कि यह विश्वविद्यालय अपने तकनीकी एवं शैक्षणिक माहौल से झारखंड के साथ-साथ पूरे देश में ख्याति अर्जित करें।
नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय के कुलपति रामलखन सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय का संचालन सभी के सकारात्मक सोच का परिणाम है। विश्वविद्यालय उत्कृष्टता प्राप्त करें, इसके लिए हम सभी लोग सतत प्रयत्नशील हैं। विश्वविद्यालय विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने एक कविता का जिक्र करते हुए कहा कि- बीर तुम बढ़े चलो, धीर तुम बढ़े चलो...। हम सभी सकारात्मक सोच के साथ बढ़ते चलें, यही सोच विश्व को कल्याण करेगी और हमारा राष्ट्र विश्व गुरु के रूप में विराजमान होगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के सभी हेड ऑफ डिपार्टमेंट को लैपटॉप उपलब्ध कराये गये हैं। वहीं विश्वविद्यालय का अपना सिलेबस भी बना है, ताकि विद्यार्थियों का बेहतर अध्यापन कराया जाए और वे बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति दीप नारायण यादव ने विश्वविद्यालय के विकास में सभी की योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में कम संसाधन के बावजूद बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ राकेश कुमार ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों से अवगत कराते हुए वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि 17 जनवरी 2009 को नीलांबर -पीतांबर विश्वविद्यालय की स्थापना हुई थी। इस समय से विश्वविद्यालय विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने बड़ी उपलब्धियां हासिल की है। पीएचडी की एंट्रेंस टेस्ट फरवरी माह से शुरू होगी, इससे शोधार्थियों को फायदा होगा। विश्वविद्यालय के सेशन को भी नियमित करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं बेहतर शैक्षणिक माहौल के लिए गेस्ट फैकेल्टी की भी व्यवस्था की जा रही है।
विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस समारोह में विश्वविद्यालय के अवकाश प्राप्त शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों को अंग वस्त्र एवं रामायण पुस्तक देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विश्वविद्यालय में अध्ययनरत वैसे विद्यार्थी, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया है, उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विश्वविद्यालय के सीसीडीसी डॉ एके पांडेय ने समारोह में आये सभी का स्वागत किया। समारोह में विश्वविद्यालय के शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मचारी के अलावा विश्वविद्यालय से सेवानिवृत्त शिक्षक एवं शिक्षकेतर-कर्मचारी तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse