हेमंत सरकार से झारखंड तबाह, यहां के लोग कभी माफ नहीं करेंगे... : अमित शाह

 

  • चाईबासा में गरजे केंद्रीय गृह मंत्री बोले अमित शाह

टीम एबीएन, चाईबासा/ रांची। झारखंड के चाईबासा में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने निर्धारित कार्यक्रम में 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए प्रचार का शंखनाद किया। उनके यहां आने से लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। अमित शाह के पहुंचने पर वहां मौजूद भीड़ ने जय श्री राम के नारे लगाये। केंद्रीय गृह मंत्री का जनजातीय पत्ता का टोपी, पत्ता का माला, प्रतीक चिन्ह समेत अन्य चीजें देकर स्वागत किया गया। हेलीपैड में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और वरीय नेताओं ने उन्हें फूलों का गुलदस्ता भेंट किया। अमित शाह हेलीकॉप्टर से उतरकर सीधे कोल्हान विश्वविद्यालय में बने आडिटोरियम में पहुंचे। 

कार्यक्रम के मंच पर सांसद बीडी राम, निशिकांत दुबे, जयंत सिन्हा, बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, संजय सेठ, नीलकंठ सिंह मुंडा, आशा लकड़ा, रविंद्र राय, जेबी तुबिद, प्रदीप वर्मा आदि पहले से मौजूद थे। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंच पर पहुंचकर सबसे पहले बिरसा मुंडा को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। गृहमंत्री अमित शाह ने जय जोहार कहकर अपना संंबोधन शुरू करते हुए कहा कि सभी वीर आदिवासी नेताओं और इस महान भूमि को मेरा सादर नमन। ये मेरा सौभाग्य है कि आज मैं यहां चाईबासा में उपस्थित हूं। यहां के वीर जनजातीय नेताओं को मेरे गुजरात समेत पूरा देश सम्मान देता है। आज झारखंड में आदिवासियों की जमीन हड़पने वाले सक्रिय हैं... और हेमंत भाई, अपनी किसी जिम्मेदारी को पूरा नहीं कर रहे हैं। यहां युवाओं और माताओं-बहनों को धोखा देने का काम किया जा रहा है। खाद्यान, रोजगार और शिक्षा के नाम पर धोखा दिया जा रहा है। 

अगर नौकरियां देने की हिम्मत नहीं है तो कुर्सी खाली कर दो। हम झारखंड में नौकरी देने का काम कर देंगे। अमित शाह ने कहा कि घुसपैठियों से आदिवासियों की रक्षा करने की जिम्मेदारी हेमंत सोरेन सरकार की है कि नहीं? हेमंत भाई... अब सब आपको जान गए हैं, अपनी वोट बैंक की राजनीति के लिए आदिवासियों की रक्षा और उनके भविष्य के साथ जो आप छेड़खानी कर रहें इसके लिए यहां के लोग आपको माफ नहीं करेंगे। अमित शाह ने कहा कि हमने शिक्षा, रोड, विद्युत... हर क्षेत्र में काम किया था लेकिन हमारे बाद आई सरकार ने झारखंड को तबाह कर दिया। इस राज्य का मुख्यमंत्री तो आदिवासी है लेकिन सरकार आदिवासी विरोधी सरकार है। आज झारखंड में जनजातीय महिलाओं से जबरदस्ती शादी कर उनकी जमीन को हड़पा जा रहा है।

 हेमंत जी, वोटबैंक का लालच जनजातीय हितों से ऊपर नहीं हो सकता। झारखंड की जनता जाग चुकी है और अब ये अन्याय नहीं सहा जाएगा। अमित शाह ने कहा कि मैं आज झारखंड के लोगों को कहना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में, आने वाले कुछ ही दिनों में नक्सलवाद खत्म होगा और झारखंड में विकास के नए रास्ते खुलेंगे। मोदी जी द्वारा जो फंड आदिवासियों के विकास के लिए भेजा जा रहा है उसको राज्य सरकार यूं लूट नहीं सकती। यहां जमीन हड़पने का जो घोर पाप हो रहा है उसकी हम निंदा करते हैं और भारतीय जनता पार्टी इसके खिलाफ संघर्ष करेगी।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse