बड़कागांव : कस्तूरबा विद्यालय की मृत छात्रा के परिजनों से मिलीं विधायक अंबा प्रसाद

 

टीम एबीएन, बड़कागांव। उड़ीसा के पुरी में राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन इंटक के चल रहे तीन दिवसीय अधिवेशन में शामिल होने गई स्थानीय विधायक अंबा प्रसाद सोमवार को अहले सुबह झारखंड वापस लौटने के बाद बड़कागांव प्रखंड के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में रविवार सुबह हुई घटना के पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। बादम पहुंच विधायक ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की एवं वस्तुस्थिति का जायजा लिया।

विधायक ने कहा कि परिजनों से प्राप्त जानकारी काफी सवालिया निशान पैदा कर रहा है। मामला बेहद संदेहास्पद है, पूरे मामले की गहन जांच कर जो भी इनमें शामिल है उन पर कार्रवाई की जायेगी।

क्या है मामला : बताते चलें कि बड़कागांव थाना क्षेत्र के ग्राम होरम स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की 10वीं की छात्रा का हॉस्टल के कमरे में फांसी के फंदे पर झूलता हुआ लाश रविवार सुबह को मिला, जो वर्तमान में दसवीं क्लास में पढ़ रही थी। मृतक के पिता ने थाने में आवेदन दिया है कि उनकी पुत्री का दुष्कर्म कर हत्या करके दुपट्टे से बांधकर फांसी में लटका दिया गया।  

विधायक ने मांगी सुरक्षा : विधायक ने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय समेत सभी महिला विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था की मांग जिला प्रशासन से की। राज्य से बाहर होने के कारण विधायक अंबा प्रसाद ने घटना वाले दिन अपने प्रतिनिधियों को भेजकर पल-पल की घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी थी। वहीं दूरभाष के माध्यम से हजारीबाग पुलिस अधीक्षक से बात कर पूरे मामले की गहन जांच करने की बात कही थी।

सोमवार को झारखंड विधानसभा के शीत सत्र के प्रथम दिन सदन की कार्यवाही समाप्ति के तुरंत पश्चात विधायक ने मृतक छात्रा के पीड़ित परिवारजनों से मुलाकात की एवं शोकाकुल परिजनों से धैर्य बनाये रखने को कहा। विधायक ने परिजनों को आश्वस्त किया कि इस पूरे मामले की गहन जांच एवं दोषियों पर सख़्त कार्रवाई की जायेगी।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse