मतदाता सूची में योग्य नागरिकों का नाम जोड़ें : पलामू आयुक्त

 

  • त्रुटिरहित मतदाता सूची के निर्माण हेतु सक्रियता से करें कार्य
  • मतदाता सूची को शुद्ध करने में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की महती भूमिका, सभी के समन्वय से हो कार्य 
  • बीएलए की सूची निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध करायें राजनीति दल 

टीम एबीएन, लातेहार/ रांची। मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम -2023 चल रहा है। 9 नवंबर 2022 से 8 दिसंबर 2022 तक चलाये जा रहे मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान नागरिकों का मतदाता सूची में नाम जोड़ने, पता आदि त्रुटियों को शुद्ध करने, फोटो अपडेट करने आदि से संबंधित कार्य किये जा रहे हैं। मतदाता सूची में योग्य व्यक्तियों का निबंधन सुनिश्चित करायें। सभी पदाधिकारी सख्ती से इसका ध्यान रखें कि एक भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने से वंचित नहीं रहे। जेंडर रेसियो एवं ईपी रेसियो में व्याप्त गैप को भी दूर करते हुए एक स्वच्छ, त्रुटिरहित एवं समावेशी मतदाता सूची का निर्माण करने में सभी अपनी सहभागिता निभायें। यह बातें मतदाता सूची प्रेक्षक-सह-प्रमंडलीय आयुक्त जटा शंकर चौधरी ने कही। वे आज लातेहार जिले के सर्किट हाउस सभागार में सांसद एवं विधायक प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधियों, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्ष, सचिव, प्रतिनिधियों, जिला निर्वाचन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी तथा निर्वाचक निबंधन एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे।  
आयुक्त ने कहा कि  मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2023 के अंतर्गत  19 एवं 20 नवंबर 2022 को विशेष अभियान के तहत सभी मतदान केन्द्रों पर कैंप का आयोजन किया जाना है। इस अभियान दिवस के दिन बीएलओ मतदान केंद्र पर उपस्थित होकर पंजीकरण/सुधार आदि के लिए दावा/आपत्ति संबंधी प्रपत्र प्राप्त करना सुनिश्चित करें। अभियान दिवस के दिन सभी बीएलओ की उपस्थिति मतदान केन्द्रों पर सुनिश्चित करायें। वहीं बीएलओ के माध्यम से सभी मतदान केंद्रों पर जागरूकता पोस्टर लगवाना, अक्टूबर- 2023 अहर्ता तिथि को मतदाता बनने की योग्यता रखने वाले नागरिकों का मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने हेतु अग्रिम आवेदन पत्र संग्रह कराना सुनिश्चित कराएं। साथ ही इसका मॉनिटरिंग करते हुए जिला स्तर के सभी पदाधिकारी मतदान केंद्रों पर भ्रमण करें। इसके लिए उन्होंने जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त को निदेश दिया कि अभियान दिवस के दिन के लिए जिला स्तर के पदाधिकारियों को नामित करते हुए मतदान केंद्रों का निरीक्षण कराना सुनिश्चित करायें, ताकि योग्य नागरिक जिन्हें मतदाता सूची में नाम जुड़वाना है, उन्हें किसी तरह की कोई परेशानी या समस्या नहीं हो। 
आयुक्त ने नये मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने एवं मतदाता पहचान पत्र को आधार के साथ इंटीग्रेशन कार्य में औसत से कम प्रदर्शन करने वाले बीएलओ एवं पर्यवेक्षक को चिन्हित करने एवं उनकी सूची तैयार कर करवाई करने का निदेश दिया है। साथ ही पर्यवेक्षक द्वारा बीएलओ की साप्ताहिक बैठक सुनिश्चित कराने एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को पर्यवेक्षकों के साथ साप्ताहिक बैठक सुनिश्चित कराने का निदेश दिया। आयुक्त ने मतदाता पहचान पत्र का आधार से इंटीग्रेशन में लातेहार जिला का अबतक की अच्छी प्रगति को लेकर लातेहार उपायुक्त एवं उनकी पूरी टीम को बधाई दी। 
उन्होंने कहा कि शादी के बाद  क्षेत्र में आए नव विवाहित महिलाओं का नाम प्राथमिकता के तहत जोड़ने, शादी के बाद दूसरे स्थानों पर जाने वाली बेटियों, दूसरे स्थानों पर शिफ्ट हुए एवं मृत मतदाताओं का नाम हटाना सुनिश्चित करायें। उन्होंने मतदाता सूची में दिव्यांग मतदाताओं का नाम सक्रियता से जोड़ने का निदेश दिया।  
उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में सहयोग की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि सभी की सहभागिता आवश्यक है। सहभागिता से ही मतदाता सूची शुद्ध हो पायेगा। आम व्यक्तियों/नागरिकों को जागरूक करने में स्थानीय प्रशासन को मदद करें। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिगणों से मतदान केन्द्रवार बूथ लेबल एजेंट(बीएलए) की सूची उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध करने में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की महती भूमिका है। पदाधिकारी एवं राजनीतिक दलों के आपसी समन्वय एवं सहयोग से त्रुटिरहित मतदाता सूची निर्माण कराने में मदद मिलेगी। 
आयुक्त ने बैठक के माध्यम से आम नागरिकों से भी अपील किया कि दिनांक 1 जनवरी 2023, 1 अप्रैल 2023, 1 जुलाई 2023 एवं 1 अक्टूबर 2023 की अहर्ता तिथि को मतदाता बनने की योग्यता रखने वाले नागरिक मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने हेतु प्रपत्र-6 में रंगीन फोटो एवं आयु तथा निवास प्रमाण पत्र के साथ अग्रिम आवेदन कर सकते हैं। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम हटाने, अशुद्धि को शुद्ध करने के लिए आॅनलाइन एवं आॅफलाइन दोनों सुविधाएं निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराई गई है। आॅफलाइन व्यवस्था के तहत कोई भी व्यक्ति 6, 6 ए, बी और  7, 8 फॉर्म में आवेदन संबंधित बीएलओ/ईआरओ एवं एईआरओ को समर्पित कर सकते हैं। वहीं आॅनलाइन व्यवस्था के तहत एनभीएसपी पोर्टल या वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से आवेदन समर्पित कर सकते हैं। बीएलओ के  द्वारा आयोग स्तर से प्रायोजित संबंधित व्यक्तियों का आॅनलाइन आवेदन समर्पित करने की कार्रवाई की जायेगी।  
लातेहार के जिला के निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त भोर सिंह यादव ने कहा कि निर्वाचन संबंधित कार्यों में जिम्मेदारी पूर्वक सक्रियता निभायें। उन्होंने पदाधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कार्यों में शिथिलता नहीं बरतें। सभी के सहयोग से जिले का स्वच्छ एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची का निर्माण करने में मदद मिलेगी। 
बैठक में मतदाता सूची प्रेक्षक-सह-आयुक्त जटा शंकर चौधरी, जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त भोर सिंह यादव, लातेहार के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-लातेहार के अनुमंडल पदाधिकारी शेखर कुमार, मनिका के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-महुआडांड़ के अनुमंडल पदाधिकारी नित निखिल सुरीन के अलावा सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सांसद एवं विधायक प्रतिनिधि, विभिन्न राजनीतिक दलों के अध्यक्ष, सचिव एवं प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।  

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse