मन में जानने की जिज्ञासा पैदा करती हैं प्रतियोगिताएं : जटाशंकर चौधरी

 

टीम एबीएन, पलामू/ रांची। प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के मन में कुछ अलग और नया जानने की जिज्ञासा पैदा करती है। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के संबंध में जानने एवं समझने का अवसर प्राप्त होगा। विद्यार्थी देश को जितना जानेंगे, उतना ही देश प्रेम की भावना का संचार होगा। यह बातें आयुक्त जटा शंकर चौधरी ने कही। वे आज भारत विकास परिषद् की ओर से भारत को जानो क्विज प्रतियोगिता एवं राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता में विघार्थियों को मार्गदर्शन कर रहे थे। प्रतियोगिताएं बिरसानगर शाहपुर स्थित ग्रेटर एसएलए स्कूल परिसर में आयोजित था। आयुक्त ने सामाजिक कुरीतियों पर चिंता जताते हुए कहा कि सामाजिक कुरीतियों से नैतिक मूल्यों का ह्रास हो रहा है। सामाजिक मूल्य जीवित रहने से ही नैतिक मूल्य जीवित रह सकेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नैतिक मूल्यों की शिक्षा किताब का विषय हो गया है और विद्यार्थियों को परीक्षा पास करना एकमात्र उद्देश्य बन गया है। समाज में नैतिक शिक्षा प्रबल तरीके से दृष्टिगोचर होने से व्यक्तित्व का विकास होगा और इससे व्यक्ति की पहचान होगी। भारत विकास परिषद के जिलाध्यक्ष सत्येंद्र तिवारी ने कहा कि भारत विकास परिषद एक समाजसेवी गैर राजनीतिक संगठन है, जो समाज के प्रबुद्ध एवं संसाधन संपन्न लोगों के सहयोग से संस्कार और सेवा के प्रति भारतीय संस्कृति पर आधारित समाज का निर्माण करने में जुटा है। उन्होंने भारत विकास परिषद की पृष्ठभूमि को रेखांकित करते हुए कहा कि समाज में व्याप्त कुरीतियों एवं विकृतियों को दूर करने की दिशा में वे सभी कार्य कर रहे हैं। समाज के लोगों में संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा एवं समर्पण की भावना जागृत किया जा रहा है, ताकि वे विचलित नहीं हों। उन्होंने कहा कि परिषद के सेवा प्रकल्पों में दिव्यांग सहायता, चिकित्सा शिविर, बनवासी सहायता, निर्धन छात्राओं को सहायता प्रमुख हैं। युवा वर्ग को संस्कृति के प्रति जागरूक करने के लिए गुरु वंदन, छात्र अभिनंदन, समूह गान प्रतियोगिता, भारत को जानो, बाल संस्कार शिविर आयोजित किए जाते हैं। कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के संरक्षक डॉ. एनसी अग्रवाल, सत्यदेव अग्रवाल, शंकर दयाल सिंह, एवं मुकेश अग्रवाल उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन नन्द किशोर भारती ने किया। क्विज प्रतियोगिता के निर्णायक मंडली में अजय श्रीवास्तव, डॉ. प्रशांत गोयल एवं अर्जुन दुबे थे। संगीत कला के निर्णायक मंडली में रामा राजाराम मिश्र एवं सच्चिदानंद तिवारी थे। मौके पर अमरेश कुमार सिंह, कृष्णा प्रसाद साहू, राजमणि सिंह, राजेश कुमार, राजेश कुमार वर्मा, रामनाथ सिंह, धनंजय सिंह, मधु अग्रवाल, कृष्णा प्रसाद साहू, बलराम तिवारी, शंकर दयाल सिंह, निशा रानी गुप्ता सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse