एबीएन सोशल डेस्क। श्रीमद्भागवत गीता हिंदू धर्म का सबसे पवित्र ग्रंथ है। कुरुक्षेत्र के मैदान में जब अर्जुन के मन में संशय आ गया था तो उस संशय को दूर करने के लिए भगवान श्री कृष्ण ने अर्जुन को गीता का उपदेश दिया था। गीता वेद व्यास रचित महाकाव्य महाभारत के भीष्म पर्व का एक हिस्सा है। भगवत गीता में एकेश्वरवाद, कर्मयोग, ज्ञानयोग, भक्तियोग आदि की सुंदर ढंग से व्याख्या की गई है। जीवन के महायुद्ध में जब एक सामान्य मनुष्य तमाम प्रकार की समस्याओं से घिर जाने के बाद किंकर्तव्यविमुढ़ हो जाता है, तो उसे गीता के ज्ञान से प्रकाश प्राप्त होता है। गीता एक ऐसी ईश्वरीय वाणी है जिसमें जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्नों का सहज ढंग से भगवान श्री कृष्ण ने जवाब दिया है। अथाह ज्ञान का भंडार गीता में 700 श्लोक और 18 अध्याय हैं जिसकी व्याख्या अनेक विद्वानों ने की है। हिंदी जगत की चर्चित लेखिका ममता मेहरोत्रा ने गीता के ज्ञान को सहजता और सरलता से समझाने के लिए गीता प्रश्नोत्तरी पुस्तक में गीता से जुड़े प्रश्नों को अध्याय दर अध्याय प्रस्तुत किया है ताकि स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ-साथ बड़े और बुजुर्ग भी क्विज प्रतियोगिता तथा खेल-खेल में गीता में छुपे रहस्य और संदेशों के अमृत सागर को बूंद-बूंद कर प्राप्त कर सकें। स्व. प्रेम नाथ खन्ना को समर्पित गीता प्रश्नोत्तरी पुस्तक की भूमिका में लेखिका ममता मेहरोत्रा स्पष्ट रूप से कहती हैं कि अपने आप को भगवान के हवाले कर दो, वही सर्वोत्तम सहारा हैं। जिसने इस शस्त्रहीन सहारे को पहचान लिया है, वह भय,चिंता और दुखों से मुक्त हो जाता है। पुस्तक में अर्जुन विषाद योग, सांख्य योग, कर्मयोग, ज्ञान-कर्म-सन्यास योग, कर्म-सन्यास योग, आत्मसंयम योग, ज्ञान-विज्ञान योग, अक्षर ब्रह्म योग, राज विद्याराजगुह्य योग, विभूति योग, विश्वरूप दर्शन योग, भक्ति योग, क्षेत्र क्षेत्रज्ञ विभाग योग, गुणत्रय योग, पुरुषोत्तम योग, दैवसुर संपद्विभाग विभाग योग, श्रद्धात्रयविभाग योग और मोक्ष संन्यास योग अध्यायों में 30 से 50 तक प्रश्न रखे गए हैं और फिर उसके उत्तर भी दिए गए हैं। पुस्तक विद्यार्थियों के लिए अधिक उपयोगी है। साथ ही जो लोग खेल-खेल और प्रश्नोत्तरी के माध्यम से गीता के विशाल सागर में ज्ञान के मोती चुनना चाहते हैं, उनके लिए भी उपयोगी है। समीक्षित पुस्तक : गीता प्रश्नोत्तरी, लेखिका ममता मेहरोत्रा, प्रकाशक प्रभात पेपरबैक्स, प्रभात प्रकाशन प्राइवेट लिमिटेड, 4/19 आसफ अली रोड, नई दिल्ली-110002
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse