टीम एबीएन, खूंटी/रांची। राज्य सरकार के निर्देश पर आगामी 12 अक्टूबर को आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का शुभारंभ किया जायेगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ अड़की प्रखंड के पुरनानगर से किया जाएगा। आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम को लेकर आज उपायुक्त द्वारा प्रेस वार्ता की गई। इस दौरान कार्यक्रम की विभिन्न गतिविधियों एवं क्रियाकलापों की जानकारी दी गई। जिले के शत-प्रतिशत लाभुकों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से अच्छादित करने के उद्देश्य से दो चरणों में हो रहा सरकार आपके द्वार कार्यक्रम : उपायुक्त ने बताया कि आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत दो चरणों में पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित किये जायेंगे। पहला चरण 12 से 22 अक्टूबर 2022 तथा दूसरा चरण 1 से 14 नवंबर 2022 तक आयोजित किया जाना है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय ग्रामीणों को उनकी नजदीकी पंचायत में शिविर का आयोजन कर उन्हें सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। साथ ही प्रखंड व पंचायत स्तर पर कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर उपायुक्त ने सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचलाधिकारी को समन्वय के साथ पंचायत व ग्राम स्तर पर विशेष जागरुकता के साथ लोगों को कार्यक्रम के आयोजन की जानकारी से अवगत कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा योग्य लाभुक योजनाओं के लाभ से लाभान्वित हो सके। आगे उन्होंने आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत पंचायत व ग्राम स्तर पर योजनाओं को जमीनी रूप से सफल किया जायेगा। साथ ही अभियान के तहत सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, मुख्यमंत्री पशुधन योजना, सर्वजन पेंशन योजना, धोती, साड़ी लुंगी योजना, किसान क्रिडेट कार्ड, कम्बल वितरण आदि के साथ ज्यादा से ज्यादा राज्य सरकार के योजनाओं से लाभान्वित करने का उद्देश्य है। आगे उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत सभी गांव में आवश्यकता अनुसार 05 योजनाओं का चयन (तालाब, कुआं, पशु सेड आदि) किया जाएगा, ताकि उक्त गांव के ग्रामीणों को इसका सीधा लाभ मिल सके। आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत पंचायत स्तरीय आयोजित होने वाले शिविरों के माध्यम से जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में निवास कर रहे वंचित लाभुकों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना हमारी प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से धोती, साड़ी, लुंगी और कंबल का वितरण, भू-राजस्व से संबंधित मामलों का निबटारा, ई -श्रम तथा प्रवासी मजदूरों और परिवारों का श्रम पोर्टल पर निबंधन, पीडीएस के तहत राशन कार्ड को आधार से लिंक, अयोग्य लाभुकों को राशन कार्ड सूची से नाम हटवाने की अपील, धान अधिप्राप्ति, हड़िया-शराब के व्यापार में संलग्न महिलाओं को सम्मानजनक वैकल्पिक रोजगार उपलब्ध कराने, सेवा के अधिकार के तहत प्रमाण पत्रों के आवेदनों का ऑन द स्पॉट समाधान, बिजली तथा पेयजल से संबंधित समस्याओं का निपटारा सुनिश्चित किया जायेगा। उपायुक्त ने बताया कि इन शिविरों में आयुष्मान कार्ड के कैंप भी लगाए जायेंगे। हमारा लक्ष्य है कि 95 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति कर योग्य लाभुकों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाये। साथ ही जनसंपर्क के स्टॉल के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में आमजनों को जागरूक किया जायेगा। उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का प्रयास : उपायुक्त ने बताया कि जिले में उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से 100 बेड का क्रिटिकल केयर अस्पताल बनाने जाने की योजना है इसे लेकर आने वाले दिनों में विस्तृत कार्य योजना तैयार की जा रही है। इसमें ICU- 20 बेड, ऑपरेशन थियेटर - 2, इमरजेंसी यूनिट बेड 10, HDU - 20 बेड, डायलिसिस - 4, सामान्य बेड - 30 व LDR - 2 बेड के साथ सभी प्रकार की उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि इनमें डॉक्टरों व विशेषज्ञ चिकित्सकों की विशेष टीम रहेंगे साथ ही उचित चिकित्सीय उपचार की पूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित किये जायेंगे। इसके अतिरिक्त 100 बेड के सामान्य अस्पताल बनाये जाने की भी योजना है। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से तोरपा में 50 बेड के अस्पताल बनाया जाना है। इस दौरान उपायुक्त ने बताया कि जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सभी सार्थक प्रयास किए गए हैं। साथ ही विशेष 4 क्रिटीकल केयर एंबुलेंस का संचालन किया जायेगा, इसमें खूंटी के लिए 3 एवं तोरपा प्रखंड के लिए एक एंबुलेंस की व्यवस्था होगी। प्रेस वार्ता के क्रम में उपायुक्त द्वारा बताया गया कि तेजस्विनी परियोजना का संचालन वर्ल्ड बैंक के सहयोग से किया जा रहा था। अब जिला प्रशासन द्वारा पुनः तेजस्विनी कार्यक्रम को जारी किया जाएगा एवं तेजस्विनी क्लब से जुड़ी किशोरियों के उत्थान की दिशा में सभी आवश्यक प्रयास किए जायेंगे। उपायुक्त ने बताया कि तेजस्विनी क्लब की किशोरियों के लिए उचित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करना व क्लब के उचित संचालन हेतु बेहतर प्रबंधन जिला प्रशासन के माध्यम से सीधे रूप से होगा। इसमें कर्मचारियों की नियुक्ति/प्रतिनियुक्ति भी आवश्यकता अनुसार की जायेगी। उन्होंने कहा कि तेजस्विनी के माध्यम से जिले की लगभग 40 हजार किशोरियों के समग्र विकास का लक्ष्य तय किया गया है। कृषि व पर्यटन के क्षेत्र में न्वोन्मेशी प्रयास जारी हैं : इस दौरान उपायुक्त द्वारा बताया गया कि कर्रा प्रखंड के समेकित आजीविका कृषि पार्क की तर्ज पर खूंटी प्रखंड में FPC सरजोम्बा, तोरपा एवं अड़की प्रखंड प्रखंड में प्रदान k माध्यम से एवं रनियां प्रखंड में भी समेकित आजीविका पार्क विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि कर्रा प्रखंड के समेकित आजीविका पार्क को विकसित कर किसानों का विकास भी सुनिश्चित करने का उद्देश्य है। उपायुक्त ने बताया कि जिले में पर्यटन के विकास की भी योजना तैयार की जा रही है। लतरातु व पेरवाघाघ जैसे पर्यटन स्थल आकर्षण का केंद्र बन कर उभर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटकों के लिए उचित व्यवस्था की जा रही है। इसमें कैंपिंग व रोपवे, वुड ब्रिज की व्यवस्था करने की भी योजना बनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों के विकास से स्थानीय स्थल पर रोजगार सृजन के अवसर भी मिलेंगे एवं जिले का विकास भी संभव होगा। इसके अतरिक्त उपायुक्त ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में भी नवीन प्रयास किये जा रहे हैं। मेट्रिक के छात्र-छात्राओं के लिए कैरियर काउंसलिंग किया जाना है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse