टीम एबीएन, पलामू/ रांची। नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय का द्वितीय दीक्षांत समारोह 14 अक्टूबर 2022 को होना है। दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता माननीय राज्यपाल सह कुलाधिपति श्री रमेश बैस करेंगे। इसके लिए उन्होंने स्वीकृति प्रदान कर दी है। माननीय राज्यपाल के शुभआगमन को लेकर आज प्रमंडलीय आयुक्त जटा शंकर चौधरी एवं डीआईजी राजकुमार लकड़ा ने गणेश लाल अग्रवाल महाविद्यालय मैदान, मेदिनीनगर स्थित दीक्षांत स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। आयुक्त ने दीक्षांत समारोह स्थल पर पेयजल, टॉयलेट, साफ- सफाई एवं विश्वविद्यालय से जुड़ी सड़क की सफाई करने के लिए नगर आयुक्त को निर्देश दिया। उन्होंने नगर आयुक्त से दूरभाष पर बातचीत कर उन्हें इन व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए निर्देशित किया। साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन को इस व्यवस्था हेतु नगर निगम को पत्र भेजने की भी बातें कही। आयुक्त जटा शंकर चौधरी ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन की तरफ से उन्हें अवगत कराया गया कि दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता माननीय राज्यपाल श्री रमेश बैस ने स्वीकृति प्रदान की है। दीक्षांत समारोह की पूरी तैयारी में विश्वविद्यालय प्रशासन जुटा है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को कुछ सुझाव दिए हैं। साथ ही प्रशासनिक मदद की भी बातें कही है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था एवं जिला प्रशासन द्वारा अन्य व्यवस्थाओं का आकलन करते हुए दीक्षांत समारोह की तैयारी पूर्ण की जायेगी। नीलांबर- पीतांबर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ राम लखन सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से 4 वर्ष के उत्तीर्ण विद्यार्थियों को डिग्री एवं गोल्ड मेडल दिया जायेगा। साथ ही यूजी एवं पीजी में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को डिग्री एवं गोल्ड मेडल तथा 4 वर्षों में जिन विद्यार्थियों ने पीएचडी की है, उन्हें डिग्री प्रदान की जाएगी। समारोह के तहत 131 गोल्ड मेडल एवं पीएचडी के 20 विद्यार्थियों को डिग्री दी जायेगी। उन्होंने कहा कि दीक्षांत स्थल पर आयुक्त एवं डीआईजी का निरीक्षण हुआ है। उनके द्वारा कुछ सुझाव दिए गए हैं, इन सुझावों को अमल करते हुए दीक्षांत समारोह की तैयारी पूर्ण की जायेगी। आयुक्त एवं डीआईजी ने विश्वविद्यालय के निमार्णाधीन प्रशासनिक भवन, पुस्तकालय, एकेडमिक भवन, वीसी विला का भी जायजा लिया। उन्होंने पाया प्रशासनिक भवन एवं पुस्तकालय भवन कुछ मामुली कार्यों के साथ पूर्ण होने को है। निरीक्षण के दौरान आयुक्त जटा शंकर चौधरी एवं डीआईजी राजकुमार लकड़ा के साथ कुलपति डॉ राम लखन सिंह, प्रति कुलपति , रजिस्ट्रार डॉ राकेश कुमार, सीसीडीसी डॉ एके पांडेय, जीएलए कॉलेज के प्राचार्य आईजे खलखो आदि उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse