एबीएन सोशल डेस्क। त्योहारी मौसम में आम जनता को झटका लगा है। दरअसल, नैचुरल गैस की कीमत 40 फीसदी बढ़कर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। इसी के साथ अनुमान लगाया जा रहा है कि आम आदमी को महंगाई का एक और झटका लग सकता है। बहुत जल्द सीएनजी और पीएनजी के दाम बढ़ सकते हैं। तेल मंत्रालय के पेट्रोलियम प्लानिंग और एनालिसिस सेल यानी पीपीएसी के आदेश के मुताबिक, ओएनजीसी और ऑयल इंडिया के पुराने क्षेत्रों से गैस का दाम 6.1 से बढ़ाकर 8.57 डॉलर प्रति एमएमबीटीयू किया गया। इसी दर पर देश में उत्पादित गैस के लगभग दो तिहाई हिस्से की बिक्री होगी। इस आदेश के मुताबिक, रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड और उसके भागीदार बीपी पीएलसी द्वारा केजी बेसिन में संचालित डी-6 ब्लॉक जैसे मुश्किल एवं नये क्षेत्रों से निकाली जाने वाली गैस की कीमत 9.92 डॉलर से बढ़ाकर 12.6 डॉलर प्रति इकाई कर दी गई है। नैचुरल गैस फर्टिलाइजर्स बनाने के साथ बिजली पैदा करने के लिए एक प्रमुख कच्चा माल है। इसे सीएनजी में भी परिवर्तित किया जाता है और पीएनजी यानी रसोई गैस के रूप में भी इस्तेमाल किया जाता है। दरों में भारी वृद्धि से सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में बढोत्तरी होने की आशंका है, जो पहले से ही पिछले एक साल में 70 फीसदी से अधिक बढ़ चुकी हैं। अप्रैल 2019 के बाद से गैस की दरों में यह तीसरी वृद्धि होगी। बेंचमार्क अंतरराष्ट्रीय कीमतों में मजबूती के कारण इनमें तेजी आई है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse