30 को गुजरात को वंदे भारत ट्रेन का उपहार देंगे पीएम मोदी

 

एबीएन सेंट्रल डेस्क। 29 और 30 सितंबर को गुजरात दौरे पर आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने गृह राज्य को एक बड़ा उपहार देने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री 30 सितंबर को राज्य की राजधानी गांधीनगर से वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे राज्यमंत्री दर्शना जरदोष भी उपस्थित रहेंगे। वंदे भारत ट्रेन गुजरात के नागरिकों के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा बढ़ायेगी। दिल्ली की दो रूटों पर बड़ी सफलता के बाद भारत की पहली स्वदेशी सेमी हाई स्पीड ट्रेन अब गुजरात की पटरियों पर भी दौड़ती दिखाई देगी। कुछ दिन पहले ही गुजरात में वंदे भारत ट्रेन का सफल ट्रायल भी किया गया था। गुजरात में चलने वाली इस वंदे भारत ट्रेन में पहली बार कवच तकनीक को लॉन्च किया जा रहा है। इस तकनीक की मदद से दो ट्रेनों की आमने-सामने से होने वाली टक्कर जैसी दुर्घटनाओं को अब रोका जा सकेगा। इस तकनीक को देश में ही विकसित किया गया है जिसके कारण इसकी लागत काफी कम है। केंद्र सरकार द्वारा 2022 के बजट में 2,000 किलोमीटर तक के रेल नेटवर्क को कवच के तहत लाने की योजना के बारे में ऐलान किया गया था और मार्च 2022 में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसका सफल परीक्षण भी किया था। स्वदेशी सेमी-हाई स्पीड के नाम से प्रसिद्ध यह ट्रेन 0 से 100 किमी प्रति घंटे तक की गति मात्र 52 सेकंड में प्राप्त कर लेती है। इस ट्रेन में यात्रियों की सुविधाओं के लिए स्लाइडिंग फुटस्टेप्स के साथ-साथ टच फ्री स्लाइडिंग डोर के साथ स्वचालित प्लग दरवाजे भी लगे हुए हैं।नएसी की मॉनिटरिंग के लिए कोच कंट्रोल मैनेजमेंट सिस्टम और कंट्रोल सेंटर और मेंटेनेन्स स्टाफ के साथ कम्युनिकेशन और फीडबैक के लिए जीएसएम/ जीपीआरएस जैसी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है। दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष शौचालय, और सामान्य यात्रियों के लिए टच-फ्री एमिनिटीज वाले बायो वैक्यूम टॉयलेट्स की व्यवस्था की गई है। इसी प्रकार, दृष्टिबाधित यात्रियों की सुविधा के लिए सीटों में ब्रेल लिपि के साथ सीट संख्या उकेरी गई है ताकि ऐसे यात्री अपनी सीटों तक आसानी से पहुंच सकें। इतना ही नहीं, आधुनिक तकनीक की बात करें तो इस ट्रेन में बेहतर ट्रेन नियंत्रण प्रबंधन के लिए लेवल-II सेफ्टी इंटीग्रेशन सर्टिफिकेशन, कोच के बाहर रियर व्यू कैमरों सहित 4 प्लेटफार्म साइड कैमरे, सभी कोचों में एस्पिरेशन आधारित फायर डिटेक्शन एंड सप्रेशन सिस्टम और इलेक्ट्रिकल क्यूबिकल्स और शौचालयों में एरोसोल आधारित फायर डिटेक्शन एंड सप्रेस सिस्टम जैसे बेहतर अग्निशमन सुरक्षा उपाय किये गये हैं। वंदे भारत एक्सप्रेस ने भारत में यात्री यात्रा के एक नए युग की शुरुआत की है। मात्र 100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह ट्रेन समान सुविधा वाली आयातित ट्रेन से लगभग आधी लागत में बनकर तैयार हो जाती है। प्रधानमंत्री के मेक इन इंडिया के दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए ट्रेन की प्रमुख प्रणालियों को भारत में डिजाइन और निर्मित किया गया है। गुजरात में चलने वाली नई वंदे भारत एक्सप्रेस देश की तीसरी वंदे भारत ट्रेन है। अन्य दो ट्रेनें दिल्ली-वाराणसी और नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच चलाई जा रही हैं। आजादी का अमृत महोत्सव समारोह के हिस्से के रूप में प्रधानमंत्री ने अगस्त 2023 तक देश भर में 75 वंदे भारत ट्रेनें चलाने का लक्ष्य रखा है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse