टीम एबीएन, रांची। झारखंड के चार जिलों में आयोजित रोजगार कैम्प में चयनित 822 युवतियों को तमिलनाडु के हुसूर रवाना किया गया। मंगलवार को केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने हटिया स्टेशन से स्पेशल ट्रेन को दिखाई हरी झंडी दिखा कर उन्हें रवाना किया। इस विशेष ट्रेन से टाटा समूह की कंपनी टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड की ओर से खूंटी, सरायकेला, चाईबासा एवं सिमडेगा में आयोजित भर्ती अभियान में कुल 1898 चयनित उम्मीदवारों में से 822 लड़कियों के पहले बैच को ले जाया गया। मौके पर हटिया स्टेशन में आयोजित समारोह को केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्र की युवतियों को रोजगार मिलने से न केवल उनके परिवार का बल्कि पूरे भारत का भविष्य स्वर्णिम होगा। सबका साथ, सबका विश्वास के साथ अब जनजातीय कार्य मंत्रालय के प्रयासों की बदौलत रोजगार के नए अवसर इनकी प्रतीक्षा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समृद्ध भारत की परिकल्पना में यह प्रयास भी एक कड़ी है। उन्होंने कहा कि आदिवासी युवतियों के सपनों को अब उड़ान मिलने लगी है। उन्होंने कहा कि पूरा देश सेवा पखवाड़ा मना रहा है। इस मौके पर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के साथ उन्हें समान अवसर भी दो। रोजगार भर्ती अभियान में चयनित सभी लोग लर्निंग-अर्निंग के साथ-साथ आगे की उच्च शिक्षा भी प्राप्त कर सकेंगे। महिलाएं आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। चाहे नावाचार हो या विनिर्माण का क्षेत्र सभी में वे आगे हैं। राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने सभी चयनित उम्मीदवारों से अपील करते हुए कहा कि प्रशिक्षण पाकर दक्ष बनें। झारखंड में भी ऐसे हुसूर जैसे कैंपस का निर्माण कर यहां की प्रतिभाओं को मौका दें। उन्होंने युवतियों के अभिभावकों को भरोसा दिया कि बच्चियों की चिंता ना करें। वहां उनकी सुविधाओं का पूरा ख्याल रखा जायेगा। अब इन बच्चियों का अभिभावक मैं भी हूं, जल्द ही इनसे मिलने हुसूर जाउंगा। इससे पहले जनजातीय कार्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव नवलजीत कपूर ने जनजातीय समुदाय के उत्थान के लिए किए जाने वाले कार्यों एवं झारखंड के चार जिलों में संपन्न रोजगार भर्ती अभियान के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। समारोह को विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, कोचे मुंडा ने भी संबोधित किया। धन्यवाद ज्ञापन दक्षिण पूर्व रेलवे रांची मंडल के मुख्य परियोजना प्रबंधक सतीश कुमार ने दिया। मौके पर रांची नगर निगम के डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गिय, पूर्व विधायक विमला प्रधान, बड़कुंवर गगराई जनजातीय कार्य मंत्रालय एवं रेल मंत्रालय के अधिकारी एवं हुसुर रवाना होने वाली युवतियों के अभिभावक भी मौजूद थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse