एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार में हिस्सा लेने के लिए मंगलवार को टोक्यो पहुंच गए हैं। पीएम मोदी के अलावा विश्व के कई नेता मंगलवार को जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। आबे के अंतिम संस्कार में 20 से अधिक राष्ट्राध्यक्षों और सरकारों के प्रमुखों सहित 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। पीएम मोदी ने विमान ने उतरते हुए अपनी कुछ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, टोक्यो पहुंच गया हूं। उन्होंने यही ट्वीट जापानी भाषा में भी किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट किया, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी टोक्यो पहुंच गए हैं। वह आज शिंजो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार में हिस्सा लेंगे। जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे और भारत-जापान की विशेष सामरिक व वैश्विक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराएंगे। इससे पहले पीएम मोदी ने सोमवार को ट्वीट किया था, मैं (जापान के) पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए आज रात टोक्यो जा रहा हूं। उन्होंने आबे को एक प्रिय मित्र और भारत-जापान मित्रता का बड़ा हिमायती बताया था। प्रधानमंत्री ने कहा था कि वह प्रधानमंत्री किशिदा और आबे की पत्नी से मुलाकात कर सभी भारतीयों की ओर से शोक-संवेदना प्रकट करेंगे। उन्होंने कहा था, हम आबे के दृष्टिकोण के अनुरूप भारत-जापान संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए काम करना जारी रखेंगे। बता दें कि आबे (67) की 8 जुलाई को उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह चुनाव प्रचार के दौरान एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। भारत ने आबे के सम्मान में नौ जुलाई को एक दिन का राष्ट्रीय शोक भी घोषित किया था।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse