देश को कुपोषणमुक्त करने के लिए सरकार प्रयासरत : वीडी राम

 

टीम एबीएन, मेदिनीनगर/रांची। राष्ट्रीय पोषण माह-2022 के मौके पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो, डालटनगंज की ओर से बुधवार को पोषण जागरूकता रथ एवं जागरूकता रैली निकाली गई। राजकीय पिछड़ी जाति आवासीय बालिका उच्च +2 विद्यालय अयोध्या कोल्हुआ, चैनपुर से जागरूकता रथ एवं रैली को मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम एवं डालटनगंज के विधायक आलोक चौरसिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मौके पर क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी गौरव कुमार पुष्कर, जिला कल्याण पदाधिकारी सेवाराम साहू, चैनपुर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी गिरवर मिंज, महिला एवं बाल विकास पदाधिकारी लक्ष्मी भारती, आवासीय विद्यालय के प्राचार्य मदन मोहन यादव भी मौजूद रहे। इसके उपरांत सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि भारत सरकार के प्रयासों के द्वारा देश को कुपोषण मुक्त करने का प्रयास किया जा रहा है। सांसद महोदय ने कहा कि इस तरह के अभियान से पलामू के लोगों में पोषण के प्रति महत्वपूर्ण जानकारियां मिलेंगी। पोषण माह का उद्देश्य लोगों को पोषण की आवश्यकता के बारे में जागरूक करना और लोगों की पहुंच उन सरकारी सेवाओं तक बनाना है जो बच्चों, गर्भवती महिलाओं, दूध पिलाने वाली माताओं के लिए पूरक आहार को बढ़ावा देती है। स्थानीय विधायक श्री आलोक चौरसिया ने भी इस तरह के कार्यक्रम की सराहना करते हुए सभी लोगों से पोषण अभियान में भाग लेने की अपील की। रंगोली, पेंटिंग्स एवं खेल-कूद प्रतियोगिताओं का आयोजन : प्री प्रोगाम के तहत राष्ट्रीय पोषण माह की थीम पर विद्यालय की छात्राओं एवं स्थानीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के बीच रंगोली एवं पेंटिंग्स प्रतियोगिता कराई गई। प्रतिभागियों ने आकर्षक कलाकृति के माध्यम से सही पोषण, देश रोशन का संदेश दिया। इस दौरान महिला और स्वास्थ्य, बच्चा और शिक्षा – पोषण भी पढ़ाई भी, जल संरक्षण से जुड़ी शिक्षाप्रद रंगोली का बनाई गई। इसके उपरांत छात्राओं के बीच पोषण आधारित लूडो गेम प्रतियोगिता भी कराई गई। इसमें सांप-सीढ़ी के खेल के माध्यम से पोषण की जानकारी देने का प्रयास किया गया है। पोषक खाद्य पदार्थ की माला न टूटने पाए इस पर आधारित आओ खेलें आहार का हार खेल प्रतियोगता का भी आयोजन किया गया। संध्या में आवासीय विद्यालय की छात्राओं के बीच रस्सी खींच एवं कबड्डी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। आजादी क्वेस्ट गेमिंग एप को डाउनलोड करने के तरीके एवं इसे खेलने के तरीकों के बारे में भी छात्राओं को बताया गया। सभी प्रतियोगिताओं का सफल संचालन विद्यालय के शिक्षक सीके पांडेय ने किया जबकि सीतेश कुमार ने उनका सहयोग किया। दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन आज : आजादी के अमृत महोत्सव के तहत राष्ट्रीय पोषण माह पर राजकीय पिछड़ी जाति आवासीय बालिका उच्च +2 विद्यालय कोल्हुआ, चैनपुर के हॉल में दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी का आयोजन दिनांक 22 सितंबर 2022 को पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम एवं डालटनगंज के विधायक आलोक चौरसिया ने किया। समाज कल्याण विभाग, पलामू के सहयोग से आयोजित इस प्रदर्शनी में पोषण अभियान के साथ-साथ हिंदी पखवाड़ा, एक भारत श्रेष्ठ भारत, आजादी क्वेस्ट एप एवं स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों से संबंधित जानकारियां प्रदर्शित की जायेंगी। प्रदर्शनी के दौरान स्वास्थ्य विभाग, पलामू की ओर से हेल्थ चेक अप कैंप, समाज कल्याण विभाग, पलामू की ओर से पोषण स्टॉल एवं जेएसएलपीएस का भी स्टॉल लगाया जायेगा। 23 सितंबर को पुरस्कार वितरण समारोह के बाद इसका समापन होगा। स्वच्छता अभियान चलाया गया : स्वच्छ भारत अभियान के तहत विद्यालय परिसर एवं आस-पास के क्षेत्रों में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी गौरव कुमार पुष्कर ने सभी प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलायी। 23 को सभी प्रतिभागी होंगे पुरस्कृत : प्री प्रोग्राम के तहत आयोजित सभी प्रतिभागियों को दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी के समापन समारोह के दिन 23 सितंबर 2022 को मुख्य एवं गणमान्य अतिथियों के हाथों पुरस्कृत किया जायेगा। सभी प्रतिभागी छात्राओं को प्रमाण पत्र भी दिये जायेंगे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय प्रचार सहायक मनोज कुमार, समाज कल्याण विभाग के जिला समन्वयक जीशान अहमद, समाज कल्याण विभाग की महिला पर्वेक्षिकाएं, सेविका-सहायिकाएं, तेजस्विनी समूह की किशोरियां भी मौजूद रहीं।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse