नोएडा : 100 मीटर लंबी दीवार गिरने से तीन की मौत, मलबे में कई दबे

 

एबीएन सेंट्रल डेस्क। दिल्ली से सटे नोएडा के पॉश इलाके में अपार्टमेंट की बाउंड्री वाल गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की सूचना है। फिलहाल, जेसीबी मशीन मौके पर मंगवाई गई है और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गये हैं। नोएडा के सेक्टर 21 में जलवायु विहार की यह घटना है। दमकल विभाग की गाड़ियां भी मौके पर पहुंची हैं। जानकारी के मुताबिक यह बॉउंड्री वाल 100 मीटर लंबी थी। आशंका जताई जा रही है कि हादसे में मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है। पुलिस प्रशासन, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मौके पर आलाधिकारियों के साथ-साथ डॉक्टर्स व एम्बुलेंस भी मौजूद है। डीएम सुहास एलवाई ने बताया कि जलवायु बिहार अपार्टमेंट के नाली की रिपेयरिंग का काम चल रहा था, तभी यह बॉउंड्री वॉल गिरी। अभी तक मलबे में से चार लोगों को निकाला गया है। दो मौतें जिला अस्पताल और एक की मौत कैलाश अस्पताल में होने की सूचना मिली है। एक घायल का इलाज चल रहा है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। डीएम ने कहा कि घटना क्यों हुई, इसकी जांच करवाई जायेगी। उन्होंने कहा कि नोएडा अथॉरिटी की तरफ से ठेके पर काम करवाया जा रहा था। नाली की ईंटें निकालते समय यह हादसा हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। डीएम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पर तत्काल पहुंचने के सीएम ने निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने आपदा राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये की राहत राशि देने के भी निर्देश दिये। सभी घायलों का समुचित उपचार कराये जाने के लिए भी मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse