टीम एबीएन, पलामू/रांची। पलामू प्रमंडल क्षेत्र में बन रहे राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 75 एवं 98 के निर्माण एवं भू-अर्जन कार्य में आ रहे गतिरोधों को दूर करने से कार्य में सहुलियत होगी और कार्य कराने में अनावश्यक विलंब भी नहीं होगा। पदाधिकारी, राष्ट्रीय उच्च पथ के प्रतिनिधि एवं कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधि आपसी समन्वय रखते हुए कार्यों में प्रगति सुनिश्चित करें। आवागमन में सुविधा हो और पलामू प्रमंडल विकास के पथ पर आगे बढ़ें। सितंबर माह के अंत तक समस्या का समाधान कर गतिरोध दूर करें, ताकि सड़क निर्माण की प्रगति बनी रहे और शीघ्र सड़क बन जाए, जिससे लोगों का आवागमन सुलभ हो सके। यह बातें आयुक्त जटा शंकर चौधरी ने कही। वे आज आयुक्त कार्यालय में राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 75 एवं 98 के निर्माण एवं भू-अर्जन कार्यों के प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। आयुक्त ने फेज वन एवं टू के सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को पूर्ण कराने एवं कार्यों में तेजी लाने का निदेश दिया। उन्होंने कहा की उच्च पथ के निर्माण कार्य में शिथिलता नहीं बरतें। उन्होंने छूटे हुए सभी प्लॉटों का 3G अवार्ड प्रदान करने का निदेश दिया। राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 75 के गढ़वा-बाईपास में गढ़वा अंचल के खजुरी ग्राम में गैरमजरूआ एवं जंगल झाड़ी की प्रवृत्ति का होने के कारण जो भूमि एनएचएआई को स्थानांतरित नहीं किया जा सका है, उसे 15 दिनों के अंदर भू- स्थानांतरण संबंधित कार्रवाई पूरी करने का निदेश दिया, ताकि कार्यों को गति मिल सके। उन्होंने पलामू जिले में हरिहरगंज-पंडवा मोड़ सड़क निर्माण के लिए कैंप लगाकर रैयतों को एलपीसी निर्गत करने एवं भू अर्जन की अवशेष राशि को विशेष ध्यान देकर वितरण कराने का निदेश संबंधित अंचल अधिकारियों को दिया। उन्होंने भू-अर्जन के बचे मामलों के निष्पादन में संबंधित अंचल पदाधिकारी को सहयोग करने का निदेश एनएचएआई की कार्यकारी एजेंसी को दिया। बैठक में आयुक्त जटा शंकर चौधरी के अलावा आयुक्त के सचिव अनिल कुमार, पलामू के अपर समाहर्ता सुरजीत कुमार सिंह, गढ़वा के अपर समाहर्ता पंकज कुमार सिंह, पलामू के नजारत उप समाहर्ता शैलेश कुमार सिंह, गढ़वा के अंचल अधिकारी कुमार मयंक भूषण, पलामू जिले के हरिहरगंज, छतरपुर, पिपरा के अंचल अधिकारी सहित एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर मनोज कुमार टोप्पो, कार्यकारी एजेंसी शिवाल्या कंस्ट्रक्शन के प्रतिनिधि सुबोध कुमार आदि उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse