टीम एबीएन, रांची। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की 21 सदस्यीय नयी कार्यकारिणी के लिए चैंबर भवन में मतदान हो रहा है। शनिवार के दूसरे पहर में भी वोटिंग हुई थी और रविवार शाम 5 बजे तक वोट डाले जायेंगे। वोटिंग के बाद मतगणना होगी और देर रात तक नतीजे आने की उम्मीद है। झारखंड चैंबर चुनाव को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है। झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के राज्यभर के कुल 3500 वोटर हैं। वहीं कार्यकारिणी के 21 पदों के लिए कुल 57 उम्मीदवार इस बार चुनावी अखाड़े में हैं। इनमें से 21 सर्वाधिक मत पाने वाले उम्मीदवार विजयी घोषित किये जायेंगे। विजयी सदस्य फिर इन 21 में से कार्यकारिणी में चैंबर के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष और अन्य पदों के लिए नामों का चयन करेंगे। झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के लिए हालांकि 57 उम्मीदवार चुनावी समर में हैं। लेकिन इनमें से ज्यादातर उम्मीदवार टीम किशोर, टीम राहुल और टीम शैलेंद्र के साथ मैदान में डटे हैं। कुछ ही उम्मीदवार ऐसे हैं जो किसी टीम के साथ नहीं बल्कि व्यक्तिगत रूप से (जिसे निर्दलीय भी कह सकते हैं) चुनाव लड़ रहे हैं। चैंबर के को-चेयरमैन पवन शर्मा ने बताया कि खराब मौसम के बावजूद व्यवसायियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। इस बार रांची के अलावा अन्य जिलों से भी उम्मीदवार बनने से राज्यभर के व्यवसायियों में उत्साह देखा जा रहा है। पवन शर्मा ने बताया कि शाम 05 बजे तक वोटिंग होगी और फिर मतगणना के बाद देर रात तक नतीजे घोषित कर दिए जायेंगे। झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के वार्षिक चुनाव के लिए चैंबर भवन को मतदान केंद्र बनाया गया है। इसके बाहर बड़ी संख्या में भीड़ जमा है। ऐसे में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने तथा विधि व्यवस्था को बनाये रखने के लिए काफी संख्या में दारोगा, पुलिस के जवान और ट्रैफिक पुलिस के जवानों की तैनाती हुई है। शनिवार शाम से ही चैंबर भवन के सामने गहमागहमी देखी जा रही है, जो नतीजे आने तक बना रहेगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse