एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ मिली लगातार दो हार के बाद भारतीय टीम लगभग एशिया कप से बाहर हो गई है। अब कोई बड़ा चमत्कार ही टीम को फाइनल का टिकट दिला सकता है। शानदार फॉर्म में चल रही टीम इंडिया को टूर्नामेंट जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन सुपर-4 राउंड में टीम का बुरा हाल देखने को मिला। अब ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले आगामी टी20 वर्ल्ड के लिए भी भारतीय टीम पर सवालियां निशान खड़े हो गए हैं। एशिया कप में लगातार दो हार के बाद ये बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि क्या टीम इंडिया वर्ल्ड कप के लिए तैयार है? अगर तैयार है तो क्या ये ही खिलाड़ी विश्व कप में खेलेंगे या टीम कोई बदलाव करेगी। हालांकि, कप्तान रोहित शर्मा ने अपने एक बयान से ये साफ कर दिया है कि आगामी वर्ल्ड कप के लिए मैन इन ब्लू भारतीय टीम तैयार है। हां, टीम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं। श्रीलंका के खिलाफ मिली हार के बाद रोहित शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, एशिया कप के बाद ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के खिलाफ हमें सीरीज खेलनी है। हम वहां पर कई खिलाड़ियों को ट्राई करेंगे जब तक टी-20 वर्ल्डकप के लिए टीम का ऐलान नहीं होता है। हालांकि, मौजूदा टीम 90-95 फीसदी तक पूरी तरह वर्ल्ड कप खेलने के लिए तैयार है, हमें बस कुछ ही बदलाव करने होंगे। 15 सितंबर को टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया जाएगा। नेशनल सेलेक्टर टीम इंडिया को चुनने के लिए मुंबई में मीटिंग करेंगे। आईसीसी ने टीमों को 16 सितंबर तक वर्ल्ड कप के लिए खिलाड़ियों के नाम देने के लिए कहा है। हर टीम को केवल 15 सदस्यीय स्क्वाड को चुनने की छूट होगी। जो टीम टूर्नामेंट के लिए ट्रेवल करेगी उसको अपने साथ 30 सदस्यों का दल लेकर चलने की छूट होगी। जिसमें 23 सदस्य ऐसे होंगे जो 15 खिलाड़ियों और 8 सपोर्ट स्टॉफ से मिलकर बनेंगे। 7 में नेट बॉलर और सपोर्ट स्टॉफ हो सकते हैं। टी20 वर्ल्ड कप में रोहित एंड कंपनी अपने अभियान की शुरुआत चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के साथ खेले जाने वाले मैच से करेगी। ये हाई वोल्टेज मुकाबला 23 अक्टूबर को मेलबर्न में खेला जाएगा। टूर्नामेंट के लिए भारत को ग्रुप-2 में रखा गया है, इस ग्रुप में भारत और पाकिस्तान के अलावा साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश भी शामिल है। वहीं, एक टीम क्वालीफायर राउंड से इस ग्रुप में जुड़ेगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse