एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) में इंग्लैंड के स्टार फुटबॉलर हैरी केन ने शनिवार (20 अगस्त) को इतिहास रच दिया। केन प्रीमियर लीग इतिहास में एक क्लब के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने मैनचेस्टर सिटी के सर्जियो अगुएरो के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। हैरी केन के गोल की बदौलत टॉटनहम हॉटस्पर ने वूल्व्स को 1-0 से हरा दिया। हैरी केन ने टॉटनहम के लिए प्रीमियर लीग में 185वां गोल किया। अगुएरो ने मैनचेस्टर सिटी के लिए 184 गोल दागे थे। केन का यह टॉटनहम के लिए प्रीमियर लीग के साथ-साथ सभी टूर्नामेंट को जोड़ते हुए कुल 250वां गोल था। केन प्रीमियर लीग में सबसे ज्यादा गोल करने के मामले में चौथे स्थान पर हैं। उनसे आगे एलन शिएरर (260 गोल), वेन रूनी (207 गोल) और एंडी कोले (187 गोल) हैं। मैच के पहले हाफ में दोनों टीमें एक भी गोल नहीं कर सकीं। दूसरे हाफ में हैरी केन के लिए ऐतिहासिक पल आया। इस 29 वर्षीय फुटबॉलर ने 64वें मिनट में गोल कर टीम को 1-0 की निर्णायक बढ़त दिला दी। इसके बाद मैच में एक भी गोल नहीं हुआ और टॉटनहम ने मुकाबले को अपने नाम कर लिया। केन का यह प्रीमियर लीग के मौजूदा सीजन में दूसरा गोल है। उन्होंने पिछले मैच में चेल्सी के खिलाफ एक गोल किया था। हालांकि, वह मुकाबला 2-2 की बराबरी पर छूटा था। तब उन्होंने अगुएरो के रिकॉर्ड की बराबरी की थी। हैरी केन के ऐतिहासिक गोल ने टॉटनहम को अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचा दिया है। उसके तीन मैच में सात अंक हो गए हैं। टॉटनहम की टीम दो मैच जीती है और एक मुकाबला ड्रॉ रहा है। उसके बाद दूसरे स्थान पर मैनचेस्टर सिटी की टीम है। उसके दो मैच में दो जीत के साथ छह अंक हैं। आर्सेनल के भी दो मैच में छह अंक हैं और वह तीसरे पायदान पर है। वूल्व्स की बात करें तो उसकी यह तीन मैचों में दूसरी हार है। वह फिलहाल 18वें नंबर पर है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse