टीम एबीएन, रामगढ़/रांची। झारखंड के रामगढ़ जिले के बासल थाना क्षेत्र के हरिहरपुर में नलकारी नदी में अचानक आए बाढ़ में दो चार पहिया वाहन और एक मोटरसाइकिल बह गये। घटना की सूचना पर बासल और पतरातू पुलिस मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू आॅपरेशन चला रही है। वाहन नदी से बह कर डैम के मुहाने तक पहुंच गया है। पुलिस ने आशंका जताई है कि बरामद दो शव वाहन के साथ बहकर आये हैं। डैम के किनारे स्थित नदी के मुहाने से 25 वर्षीय युवती स्नेहा स्मृति और 35 वर्षीय पुरुष संदीप कुमार का शव बरामद किया गया। जबकि दूसरे कार में सवार डॉ देवाशीष तिग्गा, समीर और विवेक गौरव का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया। कार लगभग 16 साल पुराना बताई जा रही है। इसी आधार पर पुलिस ने कार मालिक की पहचान की है। बताया जा रहा है कि सभी लोग रांची से इस इलाके में घुमने आए थे। इस दौरान अचानक नलकारी नदी में बाढ़ आ गई और ये सभी पानी की तेज धार की चपेट में आकर बह गए। स्नेहा स्मृति बैंक आॅफ इंडिया जमशेदपुर में मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं, जबकि सुमित कुमार एमबीए का स्टूडेंट था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पुल पार करने के दौरान एक मोटरसाइकिल भी नदी में बही गई। फिलहाल इसकी पुष्टि पुलिस नहीं कर रही है। पतरातू थाना प्रभारी ने बताया कि दो शवों को बरामद किया गया है। पुरुष के पॉकेट से कार की चाबी बरामद की गई है। संभवत ये दोनों कार में ही सवार थे। पतरातू एसडीपीओ डॉ वीरेंद्र कुमार चौधरी ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि दो शव बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने बताया कि परिजन बता रहे हैं कि दूसरे कार में तीन अन्य लोग सवार थे। वे भी नदी में बह गये हैं। उनकी तलाश की जा रही है। स्नेहा का भाई विवेक गौरव, उसका मंगेतर डॉ देवाशीष तिग्गा और समीर का अता-पता नहीं चल पाया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse