टीम एबीएन, रांची। रांची जेल में बंद झारखंड की चर्चित आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल के पति अभिषेक झा पर 90 लाख की ठगी का मामला दर्ज किया गया है। अभिषेक झा चर्चित पल्स अस्पताल के डायरेक्टर हैं, उनके खिलाफ कोर्ट कंप्लेन के माध्यम से रांची के बरियातू थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पेशे से इंटीरियर डिजाइनर अभिनदंन सिंह ने कोर्ट कम्प्लेन दर्ज कराई था, जिसके आधार पर बरियातू थाने में अभिषेक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज प्राथमिकी में अभिनंदन सिंह ने बताया है कि अभिषेक झा ने उन्हें पल्स अस्पताल में इंटीरियर और फॉल सीलिंग के लिए एक करोड़ 9 लाख रुपये का काम दिया था। इसके लिए बाकायदा एग्रीमेंट भी किया गया। एग्रीमेंट के अनुसार अभिषेक झा ने शिकायतकर्ता को एडवांस के रूप में एक लाख रुपये दिए थे। इसके अलावा 5 चेक के माध्यम से 18 लाख रुपये दिए। काम शुरू होने के बाद अभिषेक झा ने इंटीरियर डिजाइनर को कहा था कि उनके अस्पताल का उद्घाटन फरवरी 2020 में होना है, इसलिए वह सारी रकम दो-तीन महीने के बाद क्लीयर करेंगे। अभिनंदन ने बताया कि भरोसा मिलने पर वर्क आर्डर के अलावा अलग से भी अभिषेक झा ने कई काम करवाए लेकिन जब पैसे की मांग की गई तो वे आनाकानी करते रहे। पैसे की मांग को लेकर वे कई बार पल्स अस्पताल भी गए लेकिन बकाया 90 लाख का भुगतान नहीं किया गया। अभिनंदन के अनुसार उन्होंने रजिस्ट्री पोस्ट के जरिये पत्र भेजकर 7 दिनों के अंदर पैसे देने की मांग की थी लेकिन उन्हें पैसे का भुगतान नहीं किया गया। इसी वजह से उन्होंने कोर्ट के माध्यम से प्राथमिकी दर्ज करवाई है। रांची का पल्स अस्पताल हमेशा से विवादों में रहा है। हाल में ही जब आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल और उनके करीबियों के ठिकानों पर छापेमारी हुई थी, उस दौरान ईडी की टीम ने पल्स अस्पताल में भी छापेमारी की थी। कई तरह के विवाद सामने आने के बावजूद अस्पताल का बाकी निर्माण वर्तमान समय में भी जारी है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse