उद्योगों की उन्नति से ही प्रदेश की उन्नति : समीर कुमार महासेठ

 

टीम एबीएन, पटना/रांची। बिहार सरकार के नए उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने विकास भवन के उद्योग विभाग कार्यालय में जाकर उद्योग मंत्री के रूप में काम करना आरंभ किया। उद्योग विभाग के अधिकारियों पंकज कुमार, संजीव कुमार, विवेक मैत्रेय, आलोक कुमार और दिलीप कुमार ने कार्यालय में उद्योग मंत्री का स्वागत किया। उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने समीक्षात्मक बैठक की अध्यक्षता करते हुए निर्देश दिया कि राज्य सरकार की मुख्यमंत्री उद्यमी योजना का लाभ अधिक से अधिक लाभुकों तक पहुंचाया जाए। ताकि इस योजना के तहत सहायता राशि प्राप्त कर लाभुक अपना उद्यम शुरू कर बिहार के विकास में अपना योगदान दे सकें। उन्होंने कहा कि बिहार राज्य में निवेश के लिए इच्छुक उद्योगपतियों को सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से हर प्रकार की सुविधा प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि वह स्वयं जाकर नए उद्यमियों को बिहार में अधिकाधिक निवेश के लिए प्रोत्साहित करेंगे। समीक्षात्मक बैठक में उद्योग विभाग के अधिकारियों ने उद्योग मंत्री को बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति, सिंगल विंडो क्लीयरेंस पोर्टल, एथेनॉल उत्पादन प्रोत्साहन नीति, टेक्सटाइल एवं लेदर पॉलिसी, कलस्टर आधारित औद्योगिक योजनाएं, स्टार्टअप नीति, हैंडलूम एवं हथकरघा प्रोत्साहन योजना, उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान, बिहार राज्य खादी बोर्ड आदि के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। समीक्षात्मक बैठक के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने कहा कि उद्योग विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन की गति को बढ़ाने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री श्री तेजस्वी यादव का जोर रोजगार सृजन पर है। पूरे प्रदेश में नए-नए उद्योग लगाकर हम रोजगार का सृजन करेंगे। उद्यमियों की जो अपेक्षाएं हैं और जो सुविधाएं उन्हें चाहिए वह उनके द्वार तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि उद्योगों की उन्नति होगी तो प्रदेश उन्नति करेगा। हमें हर ढंग से सपोर्टिव होकर काम करना है। हम सब से अपील करेंगे कि बिहार के प्रति सकारात्मक नजरिया बनाए रखें। हमारी कोशिश से बिहार के प्रोडक्ट पूरे देश में दिखाई देंगे। हमारी कोशिश होगी कि कुटीर उद्योगों के साथ बड़े उद्योगों का भी विकास हो। हम हर माह एक हजार से ज्यादा उद्योग लगाने का लक्ष्य रखकर चल रहे हैं। उद्योग के क्षेत्र में बिहार को ऊंचा से ऊंचा स्थान दिलाना है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse