क्या संगठन महामंत्री बदल पायेंगे रांची का समीकरण, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भी बदलने पर चर्चा

 

टीम एबीएन, रांची। भाजपा आलाकमान ने बीते दिनों झारखंड के संगठन महामंत्री को बदल दिया। यूपी में सह संगठन मंत्री का काम देख रहे कर्मवीर का प्रमोशन कर झारखंड में संगठन महामंत्री बना दिया। यहां संगठन महामंत्री बदले जाने के बाद झारखंड बीजेपी में बड़े फेरबदल की चर्चा शुरू हो गई है। इन सबके बीच 15 अगस्त के बाद झारखंड भाजपा के नए संगठन महामंत्री कर्मवीर के आने की संभावना है, जिसको लेकर पार्टी के अंदर तैयारी शुरू हो गई है। हालांकि सार्वजनिक मंच पर इससे इनकार किया जा रहा है। झारखंड भाजपा ने संगठन में बदलाव की तैयारी शुरू कर दी है। संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के स्थान पर उत्तरप्रदेश के कर्मवीर को झारखंड का संगठन महामंत्री बनाए जाने के बाद अंदरखाने प्रदेश अध्यक्ष के भी बदले जाने की चर्चा की जा रही है। बताया जा रहा है कि कर्मवीर संघ से जुड़े हुए हैं, उत्तरप्रदेश में वे आरएसएस के प्रांत प्रचारक की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। कर्मवीर अभी तक उत्तर प्रदेश के सह संगठन मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। भाजपा के संविधान में अपवादों के रहने से इन अटकलों को हवा भी मिल रही है। प्रावधान के अनुसार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का कार्यकाल तीन वर्षों का होता है। इस तरह से वर्तमान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश का कार्यकाल अगले वर्ष फरवरी 2023 में पूरा होगा, मगर इनसे पूर्व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रहे दिवंगत लक्ष्मण गिलुआ का कार्यकाल निर्धारित समय सीमा से करीब एक वर्ष ज्यादा रहा था। इस लिहाज से पार्टी के अंदर फेरबदल की अटकलें तेज हो गईं हैं। भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री आशा लकड़ा का मानना है कि भाजपा में सब कुछ समयबद्ध ढंग से होता है। संगठन महामंत्री के बदले जाने का मतलब यह नहीं है कि प्रदेश अध्यक्ष भी बदल दिए जाएंगे। एक प्रक्रिया के तहत निर्वाचन होता है और उसके बाद पार्टी का शीर्ष नेतृत्व तय करते हैं। सीपी सिंह ने कहा कि प्रदेश संगठन में बदलाव पार्टी शीर्ष नेतृत्व के हाथ में है, वही तय करते हैं। इधर, प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने फेरबदल की आशंका पर कहा कि पार्टी के अंदर नीचे से ऊपर तक चुनाव की प्रक्रिया शुरू होती है। यह अभी शुरू नहीं हुआ है, ऐसे में कोई अटकल लगाना उचित नहीं होगा। बहरहाल, बीजेपी के नए संगठन महामंत्री कर्मवीर के 15 अगस्त के बाद रांची पहुंचने की संभावना है, जिसको लेकर पार्टी के अंदर जोरदार तैयारी की जा रही है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse