टीम एबीएन, रांची। रांची समेत झारखंड के ज्यादातर हिस्सों में बीते तीन दिनों से झमाझम बारिश हो रही है। रांची में पिछले तीन दिनों की बारिश दो महीने पर भारी साबित हुई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार रांची में बीते तीन दिनों में 145.3 मिमी बारिश हुई। अकेले बीते 36 घंटों में 141.6 मिमी बारिश हुई। जबकि जून में महज 95.7 और जुलाई में 163.0 मिमी बारिश हुई थी। यानी पिछले दो माह में करीब 258 मिमी बारिश हुई जबकि इससे आधी से अधिक बारिश बीते तीन दिनों में दर्ज की गई। अच्छी बारिश से रांची के औसत में सुधार हुआ है और बारिश में कमी की भरपाई हुई है। अब रांची में 41 की जगह 33 फीसदी बारिश की कमी है। राज्य में बीते 48 घंटों के दौरान औसत 40.5 मिमी बारिश हुई। पिछले 24 घंटों में 28.4 मिमी बारिश हुई है। पूरे राज्य में एक से 11 अगस्त तक औसतन 89.6 मिमी बारिश हुई। पूरे राज्य में इस मानसून सीजन अबतक 348.3 मिमी बारिश हुई है। राजधानी में पिछले तीन दिनों के दौरान लगातार बारिश के कारण तापमान सामान्य से छह डिग्री नीचे गिर गया है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री दर्ज किया गया। तापमान नीचे आने के कारण रांची में ठंड का अहसास हो रहा है। रांची की स्वर्णरेखा समेत राज्य की कई नदियां उफना गई हैं। कई जगह तो इन नदियों का पानी पुल के ऊपर से पार करने लगा। वहीं गेतलसूद पतरातू और धुर्वा डैम समेत राज्य के जलाशयों का जलस्तर भी बढ़ गया है। बारिश के कारण खेतों में पानी जमा होने से किसान भी खुश हैं। वे जोश के साथ धान रोपनी की तैयारी में जुट गए हैं। कई जगह तो बारिश के बाद धान की रोपनी भी शुरू हो गई है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse