टीम एबीएन, मेदिनीनगर, (पलामू)। पलामू जिला अंतर्गत औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में शैक्षणिक सत्र 2022-23-24 में विभिन्न व्यवसायों में अभ्यर्थियों के नामांकन हेतु ऑनलाइन काउंसिलिंग के तिथि की घोषणा कर दी गई है। जिला नियोजन पदाधिकारी सह औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान डालटनगंज के प्राचार्य संतोष कुमार ने बताया कि विभिन्न विषयों में अभ्यर्थियों के नामांकन हेतु आठवीं एवं दसवीं कक्षा में प्राप्तांक आधारित अंतिम मेधा सूची विभाग के वेबसाइट iti.jharkhand.gov.in पर होम पेज में उपलब्ध करा दी गई है। विभाग द्वारा अंतिम रूप से प्रकाशित मेधा सूची के आधार पर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में नामांकन के लिए आयोजित की जाने वाली ऑनलाइन प्रथम एवं द्वितीय काउंसलिंग कार्यक्रम 12 अगस्त से शुरू होगी। प्रथम राउंड में अलग-अलग तिथियों में 12 अगस्त से 17 अगस्त और 20 अगस्त से 28 अगस्त तक काउंसिलिंग कार्यक्रम होगी। वहीं द्वितीय राउंड में 31 अगस्त से 13 सितंबर तक काउंसिलिंग कार्यक्रम अलग-अलग तिथियों में रखा गया है। उन्होंने कहा कि आठवीं एवं दसवीं कक्षा की अंतिम मेधा सूची में शामिल आवेदकों/अभ्यर्थियों द्वारा संस्थान/संस्थानों तथा व्यवसाय/ व्यवसायों को अपनी प्राथमिकता के अनुसार विभाग के वेबसाइट पर क्लिक कर दिए गए दिशा-निर्देशों का अनुसरण करते हुए विकल्पों को भरें। उन्होंने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे सीटों के आवंटन हेतु अधिक- से-अधिक विकल्पों का चयन करें। उन्होंने यह भी कहा है कि प्रथम काउंसलिंग सभी कोटि के आवेदकों के लिए नि:शुल्क रखा गया है। वहीं द्वितीय काउंसलिंग हेतु शुल्क देय होगा। आवेदकों को काउंसिलिंग शुल्क पेमेंट गेटवे के माध्यम से देना होगा। उन्होंने अपील किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है, वे काउंसलिंग कार्यक्रम में जरूर भाग लें। काउंसिलिंग से लेकर नामांकन तक की विस्तृत जानकारी संबंधित औद्यौगिक प्रशिक्षण संस्थान से भी प्राप्त की जा सकती है। बता दें कि राज्य के सभी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में नामांकन के साथ-साथ पलामू जिला अंतर्गत सभी सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में नामांकन की प्रक्रिया चल रही है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse