एबीएन सेंट्रल डेस्क। रविवार देर रात भारत और आॅस्ट्रेलिया के बीच कॉमनवेल्थ गेम्स में महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच खेला गया, जहां हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय महिला टीम गोल्ड जीतने से चूक गई। फाइनल में भारत के सामने 162 रन का टारगेट था, जिसके जवाब में टीम 152 के स्कोर पर आॅलआउट हो गई। टीम इंडिया भले ही गोल्ड जीतने में असफल रही हो, लेकिन टीम ने सिल्वर जीतकर इतिहास रच दिया। 1998 के बाद पहली बार क्रिकेट को कॉमनवेल्थ गेम्स में शामिल किया गया था। महिला क्रिकेट टीम तो पहली बार इन खेलों में हिस्सा ले रही थीं। ऐसे में सिल्वर जीतना भी भारतीय महिला क्रिकेट टीम और देश के लिए किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है। आॅस्ट्रेलियाई टीम गोल्ड और न्यूजीलैंड की टीम ब्रॉन्ज मेडल जीतने में सफल रही। टूर्नामेंट में भारतीय टीम कमाल की लय में नजर आई और फाइनल तक का सफर तय किया। सेमीफाइनल में भारत ने मेजबान इंग्लैंड को 4 रन से हराया था। टीम इंडिया के सामने 162 रन का टारगेट था और एक समय टीम का स्कोर 118-3 था। मैच धीरे-धीरे रोमांचक मूड पर पहुंच रहा था और भारतीय टीम मुकाबला जीत सकती थी। कप्तान हरमनप्रीत कौर बढ़िया फॉर्म में नजर आ रही थी, लेकिन उनके आउट होने के बाद और कोई खिलाड़ी टीम को टारगेट तक नहीं पहुंचा सकीं। हरमन 43 गेंदों में 65 रन बनाकर पवेलियन लौटी। अपनी पारी में उन्होंने 7 चौके और दो छक्के जमाए। उनके अलावा जेमिमा रोड्रिग्स ने भी 33 रन बनाये।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse