राष्ट्रमंडल खेल 2022 : भारतीय महिला हॉकी टीम सेमीफाइनल में

 

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय महिला हॉकी टीम ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 के करो या मरो मैच में बुधवार को कनाडा को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। भारत ने ग्रुप-ए के अपने आखिरी मुकाबले में कनाडा को 3-2 से शिकस्त दी। भारत के लिए सलीमा टेटे, नवनीत कौर और लालरेमसियामी ने एक-एक गोल किया, जबकि कनाडा के लिये ब्रिएन स्टेयर्स और हैना हॉ ने गोल किए। भारत ने करो या मरो मैच की शुरुआत मजबूती से करते हुए मैच के तीसरे मिनट में ही पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया। गुरजीत कौर से गेंद को नेट तक पहुंचाने में चूक हुई, लेकिन सलीमा ने भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। नवनीत कौर ने दूसरे क्वाटर्र में लालरेमसियामी के पास को गोल में तब्दील कर भारत को 2-0 की बढ़त दिलाई, लेकिन इसके बाद कनाडा ने मैच में वापसी की। स्टेयर्स ने जहां क्वार्टर-2 की समाप्ति से ठीक पहले एक पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया, वहीं हैना हॉ ने तीसरे क्वार्टर के नौंवे मिनट में गोल कर मैच को 2-2 की बराबरी पर ला खड़ा किया। ग्रुप-ए में गोल के मामलों में भारत से आगे चल रही कनाडा को मैच में सिर्फ ड्रॉ की दरकार थी, जबकि भारत के लिए जीतना जरूरी था। भारत को चौथे क्वाटर्र में गोल की सख्त आवश्यकता थी जो उन्हें लालरेमसियामी ने दिलाया। जब चौथे क्वार्टर में नौ मिनट बचे थे तब लालरेमसियामी ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला और भारत ने 3-2 से जीत दर्ज की। इससे पहले भारत ने ग्रुप-ए के अपने मुकाबलों में घाना (5-0) और वेल्स (3-1) पर जीत हासिल की थी जबकि इंग्लैंड (1-3) से उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इस जीत के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम ने राष्ट्रमंडल खेलों के सेमीफाइनल में पांचवी बार जगह बनाई है, जहां उनका सामना आॅस्ट्रेलिया से होगा।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse