टीम एबीएन, रांची। हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पर जैसे ही ईडी ने शिकंजा कसा वे बीमार हो गए, जिसके बाद उन्हें रिम्स में भर्ती कराया गया है। रिम्स में डॉक्टरों का कहना है कि पंकज मिश्रा के बिहेवियर में बदलाव देखा गया है। इसलिए अब उनके इलाज के लिए मनोचिकित्सक को भी टीम में शामिल किया गया है। रिम्स के न्यू ट्रामा सेंटर में सीएम हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा भर्ती हैं। मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध खनन के आरोप में ईडी ने उन्हें गिरफ्त में लिया है। 29 जुलाई को क्रोनिक पैंक्रियेटाइटिस के अलावा पेट में दर्द, बीपी और शुगर की समस्या के बाद उन्हें यहां भर्ती किया गया है। लेकिन पंकज की बीमारियों को लेकर रिम्स के डॉक्टर्स कंफ्यूज हो गए हैं। पंकज मिश्रा जिन तकलीफों और बीमारियों की बात कर रहे हैं उसकी जांच कराई जा रही है, ताकि सभी चीजें स्पष्ट हो सके। मनी लांड्रिंग और अवैध खनन के आरोप में ईडी की गिरफ्त में आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा का अब बुरा हाल हो गया है। ईडी लगातार उससे पूछताछ कर रही है। ईडी उसे दो बार रिमांड पर ले चुकी है। इस बीच उसकी तबीयत खराब हो गई तो उसे रांची रिम्स में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। अब खबर है कि उनकी हालत ठीक नहीं है। उनका इलाज कर रही डाक्टरों की टीम की मंगलवार को बैठक हुई। मेडिकल बोर्ड ने पंकज मिश्रा के बिहेवियर चेंजेज को देखते हुए मनोचिकित्सक से इलाज कराने की सलाह दी है। चिकित्सकों की मानें तो पंकज मिश्रा कई दवा खाने के आदी हो चुके हैं जिसके कारण उनमें बिहेवियर चेंज आया है। डॉक्टर्स का कहना है कि ये जांच की जाएगी कि आखिर किन दवाओं का कितना साइड इफेक्ट हुआ है या पंकज किसी अन्य बीमारी से ग्रसित हैं। पंकज मिश्रा की जांच के लिए मनोचिकित्सक को भी बुलाया गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे इलाज किया जाएगा। मेडिकल बोर्ड के चेयरमैन और सर्जरी के विभागाध्यक्ष डॉ शीतल मलुआ, मेडिसिन के विभागाध्यक्ष डॉ विद्यापति, क्रिटिकल केयर के विभागाध्यक्ष डॉ प्रदीप भट्टाचार्य और सर्जरी के डॉ विनय प्रताप पंकज मिश्रा का इलाज कर रहे हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse