एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। सलामी बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव के तेजतर्रार अर्धशतक और श्रेयस अय्यर के साथ उनकी अर्धशतकीय साझेदारी से भारत ने तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में मंगलवार को यहां वेस्टइंडीज को सात विकेट से हराकर पांच मैचों की श्रृंखला में 2-1 की बढ़त बनाई। वेस्टइंडीज ने सलामी बल्लेबाज काइल मायर्स (50 गेंद में 73 रन, आठ चौके, चार छक्के) के अर्धशतक से पांच विकेट पर 164 रन बनाए जिसके जवाब में भारत ने सूर्यकुमार (44 गेंद में 76 रन, आठ चौके, चार छक्के) के अर्धशतक और श्रेयस अय्यर (24) के साथ उनकी दूसरे विकेट की 85 रन की साझेदारी से छह गेंद शेष रहते तीन विकेट पर 165 रन बनाकर जीत दर्ज की। श्रृंखला के अंतिम दो मैच अमेरिका के फ्लोरिडा में शनिवार और रविवार को खेले जाएंगे। भारत ने इस मैदान पर सबसे बड़े लक्ष्य को हासिल करते हुए जीत दर्ज की। इससे पहले मायर्स ने ब्रैंडन किंग (20) के साथ पहले विकेट के लिए 57 और कप्तान निकोलस पूरन (23) के साथ दूसरे विकेट के लिए 50 रन भी जोड़े। रोवमैन पावेल (23) और शिमरोन हेटमायर (20) ने भी वेस्टइंडीज के लिए उपयोगी पारियां खेली। भुवनेश्वर कुमार भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 35 रन देकर दो विकेट चटकाए। हार्दिक पंड्या ने किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 19 रन देकर एक विकेट चटकाया। आवेश खान एक बार फिर बेहद महंगे साबित हुए। उन्होंने तीन ओवर में 47 रन लुटाए जबकि उन्हें कोई सफलता नहीं मिली।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse