बेरोजगारी भारत की सबसे बड़ी महामारी : सतीश कुमार

 

टीम एबीएन, रांची। स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय सह संगठक सतीश कुमार ने कहा कि बेरोजगारी भारत की सबसे बड़ी महामारी है। आज हम विश्व में हर क्षेत्र में आगे होते जा रहे हैं, लेकिन बेरोजगारी का निदान नहीं कर पा रहे हैं। यह समस्या हर परिवार की है। इसे ठीक से समझने की जरूरत है। देश के नीति निर्धारण करने वाले जो लोग हैं उन्हें भी इस बेरोजगारी की समस्या को ठीक से समझना होगा और समाधान ढूंढने का प्रयास करना। वैसे हम सभी काम सरकार पर छोड़ नहीं सकते। इसलिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अनुषांगिक संगठनों ने मिलकर स्वावलंबी भारत अभियान के तहत भारत को बेरोजगारी मुक्त व पूर्ण रोजगार युक्त बनाने के लिए अभियान चलाया है। बिहार व झारखंड में 22 संगठन कर रहे काम : इस अभियान में देश के वैसे कई संगठन लगे हैं जो स्वरोजगार देने के लिए काम कर रहे हैं। 12 जनवरी 2022 से प्रारंभ इस अभियान में देश में 22 संगठन अब तक जुड़ चुके हैं। झारखंड व बिहार में 12 संगठन इस काम में लगे हैं। संघ ने भी अपने प्रस्ताव में इस बात को रखा है कि कैसे भारत को बेरोजगारी मुक्त, स्वावलंबी व आत्मनिर्भर बनाया जाए। वे शनिवार को रांची के जैन धर्मशाला में स्वावलंबी भारत अभियान योजना के तहत उत्तर पूर्व क्षेत्र, झारखंड व बिहार के कार्यकतार्ओं के लिए आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के उदघाटन के मौके पर अपनी बात रख रहे थे। भारत में अंग्रेजों ने लाई है बेरोजगारी की समस्या : सतीश कुमार ने कहा कि भारत में बेरोजगारी की समस्या तीन से चार सौ वर्ष पहले नहीं थी। यह अंग्रेजों द्वारा लाई गई समस्या है। अंग्रेजों ने अपने फायदे के लिए भारत में ग्राम आधारित उद्योग धंधे को समाप्त करने की कोशिश की। लोगों को नौकरी देने लगा। पूरी व्यवस्था को उन्होंने बदल कर रख दिया। आज कृषि को लोग हेय दृष्टि से देखते हैं और नौकरी को उत्तम मानते हैं जबकि पहले कृषि ही उत्तम मानी जाती थी और नौकरी को तीसरे स्थान पर रखा गया था। हमें फिर से उस व्यवस्था को अपना कर भारत को आत्मनिर्भर बनाना होगा। उन्होंने कहा कि स्वदेशी जागरण मंच इस अभियान को देख रहा है। अलग अलग क्षेत्र में अलग अलग संगठनों को संयोजन की जिम्मेदारी दी गई है। उत्तर पूर्व क्षेत्र में वनवासी कल्याण केंद्र को यह जिम्मेदारी दी गई है। नौकरी के प्रति मानसिकता बदलनी होगी : आलोक कुमार- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख आलोक कुमार ने कहा कि अंग्रेजों ने भारत के लघु व मध्यम उद्योग व्यवस्था को समाप्त कर दिया। अब हमें देश में फिर से जागरूकता लानी होगी। लोगों की नौकरी के प्रति मानसिकता बदलनी होगी। झारखंड के जनजाति समाज में भी अपार संभावनाएं हैं। लोग मेहनती वह हुनरमंद हैं। हमें उनके हुनर का लाभ लेना होगा। पर्यटन, मत्स्य पालन, बागवानी, कृषि के कई ऐसे क्षेत्र हैं जहां रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। इस काम में लगे सभी संगठन मिलकर प्रयास करेंगे तो सफलता जरूर मिलेगी। सामूहिक प्रयास से सफलता मिलेगी : अतुल जोग- मौके पर वनवासी कल्याण केंद्र के राष्ट्रीय संगठन मंत्री अतुल जोग ने इस अभियान की प्रासंगिकता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर भारत को आत्मनिर्भर बनाएंगे और बेरोजगारी की समस्या से धीरे-धीरे छुटकारा दिलाएंगे। वही राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के क्षेत्रीय मुख्य महाप्रबंधक विनोद कुमार ने कहा कि इस अभियान में लगे संगठनों के साथ मिलकर काम करने में अच्छा लगेगा। उन्होंने ऋण लेने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। मंच स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय सह संयोजक अरुण ओझा, स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय संगठन मंत्री कश्मीरी लाल व वनवासी कल्याण केंद्र की ललिता मुर्मू उपस्थित थीं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में ये लोग भी थे मौजूद : कार्यक्रम में आरएसएस के प्रांत प्रचारक गोपाल शर्मा, सह प्रांत कार्यवाह राकेश लाल, वनवासी कल्याण केंद्र के कृपा प्रसाद सिंह, वनवासी कल्याण केंद्र के अखिल भारतीय ग्राम विकास प्रमुख बिंदेश्वर साहू, महानगर संघचालक पवन मंत्री, मेयर आशा लकड़ा, पूर्व क्षेत्र संघचालक सिद्धिनाथ सिंह, ओम प्रकाश अग्रवाल, सज्जन सर्राफ, क्षेत्र संगठन मंत्री हिरेंद्र सिन्हा, सचिन बरियार सहित वनवासी कल्याण केंद्र, ग्राहक पंचायत, सहकार भारती, भारतीय जनता पार्टी, विकास भारती, अखिल भारतीय किसान संघ, भारतीय मजदूर संघ, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, स्वदेशी जागरण मंच आदि 12 संगठनों के झारखंड व बिहार के प्रमुख कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित थे। शिविर में की विशेष लोगों को भी आमंत्रित किया गया है। दो दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में सभी संगठन अपने कार्यों के अनुभव को साझा करेंगे और इस काम को कैसे गति दी जाए इस पर विचार विमर्श करेंगे। रविवार को इस प्रशिक्षण शिविर का समापन होगा। उक्त जानकारी भारतीय किसान संघ के प्रचार प्रमुख सह महामंत्री प्रकाश कुमार सिंह ने दी।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse