टीम एबीएन, चौपारण (हजारीबाग)। चौपारण में आजादी के बाद पहली बार ऐसा हुआ, जब किसी मंत्री ने अपनी उपस्थिति में अवैध शराब भट्ठियों को नष्ट कर इसे पूर्णत: समाप्त करने की बात कही हो। जी हां ये हुआ है झारखंड सरकार के शराब व मद्य निषेध मंत्री जगरनाथ महतो के नेतृत्व में। रविवार को मंत्री जगरनाथ महतो और स्थानीय विधायक उमाशंकर अकेला पूरे प्रशासनिक महकमा के साथ चौपारण के सुदूरवर्ती गांव भगहर और परसातरी पहुंचे। जहां कई भट्ठियों को नष्ट किया। साथ ही पुन: 6 अगस्त को अगली कार्रवाई की बात कर चेताते हुए कहा कि अब किसी सूरत में अवैध शराब का धंधा नहीं चलने देंगे। हम शीघ्र इसे पूर्णत: समाप्त करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। पत्रकारों के एकतरफा कार्रवाई के सवाल पर मंत्री ने कहा कि जो ऐसी बात करता है वो नाम बताये, उसपर भी त्वरित कार्रवाई होगी। कोई अवैध कारोबारी छोड़ा नहीं जायेगा। इस अभियान में एसडीपीओ नाजिर अख्तर, चौपारण थाना प्रभारी शंभु नंद ईश्वर, एक्साईज कमिश्नर संजय मिश्रा, बिहार के गया जिला एक्साइज इंसपेक्टर जनार्दन प्रसाद शामिल थे। प्रखंड के दो विद्यालय होंगे उत्क्रमित : चौपारण में स्थानीय विधायक उमा शंकर अकेला के आवास पर मीडिया से बात करते हुए राज्य के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने कहा कि चौपारण प्रखंड क्षेत्र के दो मध्य विद्यालय को उच्च विद्यालय में उत्क्रमित करने का निर्णय लिया गया है। जिसमें भगहर और पांडेयबारा शामिल हैं। इस कार्य से विद्यार्थियों को सहूलियत और शिक्षा का विकास होगा। कई संगठनों ने सौंपा मांग पत्र : शिक्षा मंत्री को झारखंड अंशकालिक शिक्षक सहकर्मी संघ एवं सहायक शिक्षक संघ ने अपनी मांग पत्र सौंपा, जिसमें उनका समायोजन मुख्य मुद्दा था। वहीं कृषक मित्रों ने भी अपनी मानदेय में बढ़ोतरी की मांग की।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse