टीम एबीएन, रांची। दुखद खबर है कि झारखंड की राजधानी रांची से 38 किमी दूर स्थित बेड़ो के खख्शीटोली निवासी जल पुरुष के रूप में चर्चित पद्मश्री सिमोन उरांव को शुक्रवार को पैरालाइसिस का अटैक आया है। उन्हें इलाज के लिए बेड़ो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार पद्यश्री सिमोन उरांव की तबीयत बुधवार शाम को बिगड़ गई थी। उनका इलाज स्वजनों द्वारा स्थानीय स्तर पर कराया जा रहा था। शुक्रवार की सुबह तबीयत ज्यादा खराब हो गई। स्वजन तत्काल एबुंलेंस से उन्हें इलाज के लिए बेड़ो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लेकर आए। यहां सीएचसी की प्रभारी चिकित्सक डॉ सुमित्रा कुमारी व डॉ कुसुमलता ने उनका प्रारंभिक इलाज किया। इलाज के बाद चिकित्सकों ने बताया कि इन्हें पैरालाइसिस अटैक आया है। बीपी भी बढ़ा हुआ है। इसके बाद चिकित्सकों ने उन्हें रिम्स रेफर कर दिया। यहां बता दें कि जल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के कारण सिमोन उरांव को 2016 में पद्यश्री का पुरस्कार तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने दिया था। सिमोन उरांव ने बेड़ो प्रखंड जल संरक्षण का फायदा बताकर लोगों को एकजुट किया और नहर का निर्माण कराकर खेतों तक पानी पहुंचाया है। इधर, सिमोन के बीमार होने पर स्थानीय लोगों ने उनके शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना की है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse