हजारीबाग। हजारीबाग से बड़कागांव जाने वाली सड़क में खपरियावां और नवादा गांव के सघन आबादी के बीच पुलिस बल तैनात कर बिजली विभाग द्वारा 33 हजार वोल्ट का खंभा लगाए जाने को लेकर विवाद था। 17 जुलाई से कटकमदाग प्रखंड के ग्राम पंचायत खपरियावां के ग्रामवासी और बिजली विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों के बीच हुए घंटों विवाद का सोमवार को समाधान हो गया। बिजली विभाग के प्रधान सचिव अविनाश कुमार से विधायक समेत आठ सदस्यीय ग्रामीणों के एक दल ने मुलाकात कर स्थिति से अवगत कराया। बता दें कि 17 जुलाई को जब विवाद हुआ तो स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना हजारीबाग सदर विधायक मनीष जायसवाल को दी थी। जिसके बाद सदर विधायक ने ग्रामीणों और बिजली विभाग के बीच समझौता करा कर विवाद को शांत कराया। विधायक मनीष जायसवाल के साथ सोमवार को खपरियावां गांव के आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने रांची पहुंच कर ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव सह झारखंड ऊर्जा वितरण निगम लिमिटेड के सीएमडी अविनाश कुमार सिंह से मुलाकात की। जहां उन्हें यहां से 33 हजार वोल्ट बिजली तार गुजरने से ग्रामीणों में दुर्घटना की आशंका बनी होने की समस्या से संबंधित एक मांग पत्र सौंपा और विधायक मनीष जायसवाल के नेतृत्व में इस समस्या के निदान हेतु उनसे चर्चा की। मौके पर सदर विधायक मनीष जायसवाल ने बताया कि इस मामले में ग्रामीण अपनी सुरक्षा की मांग को लेकर जो विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे। वह बिल्कुल जायज है। विधायक जायसवाल ने ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव अविनाश कुमार सिंह को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके द्वारा इस मामले का निष्पादन हो गया है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि घनी आबादी वाले क्षेत्र से या तो इस योजना का रूट बदला जाएगा या भूमिगत केबलिंग किया जाएगा। ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में खपरियावां मुखिया मंजू मिश्रा, समाजसेवी रामकिशोर सावंत, भाजपा कटकमदाग महामंत्री वीरेंद्र कुमार, ग्रामीण जयपाल सिंह, विकास मिश्रा, अनुराग मिश्रा, राजू कुमार राम और योगेंद्र राम शामिल थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse