पलामू : ‘मेरा अस्पताल’ विषय पर रिफ्रेशर प्रशिक्षण का आयोजन

 

टीम एबीएन, मेदिनीनगर (पलामू)। मरीजों की प्रतिपुष्टि (फीडबैक) से अब अस्पतालों का मूल्यांकन किया जा रहा है। इलाज कराने आये मरीज अपने फीडबैक से अस्पतालों की व्यवस्था का हाल बता रहे हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत अस्पतालों की गुणवत्ता सुधार को लेकर मेरा अस्पताल कार्यक्रम चलाया जा रहा है। मेरा अस्पताल विषय को लेकर शुक्रवार को पलामू के सिविल सर्जन कार्यालय सभागार में रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में मुख्य रूप से ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर, ब्लॉक डेटा मैनेजर/ डेटा एंट्री आॅपरेटरों ने भाग लिया। क्वालिटी एश्योरेंस सेल के डिस्ट्रिक्ट क्वालिटी कन्सलटेंट सह रिसोर्स पर्सन संतोष कुमार ने कहा कि सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार के आदेश पर इस रिफ्रेशर ट्रेनिंग का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने प्रतिभागियों को बताया कि मरीजों से प्राप्त प्रतिपुष्टि को सही तरीके से भरकर उसे अपलोड करें, ताकि अस्पताल की कमियों और खामियों को दूर किया जा सके। हॉस्पिटल मैनेजर सुनीत श्रीवास्तव, डिस्ट्रिक्ट डेटा मैनेजर शशिकांत तिवारी ने मरीजों से फीडबैक लेने और उसे मेरा अस्पताल पोर्टल पर अपलोड करने से सम्बंधित जानकारी दी। विदित हो कि मेरा अस्पताल कार्यक्रम मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल में पूर्व से संचालित है। सदर और पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को छोड़कर आईडी पासवर्ड जेनरेट हो गया है। यह कार्यक्रम अब अनुमंडलीय चिकित्सालयों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर डेटा इंट्री शुरू हो गया है। फीडबैक में मरीजों से अस्पताल के पंजीकरण, साफ सफाई, भोजन, डॉक्टर नर्स एवं अस्पताल कर्मियों के व्यवहार से सम्बंधित 15 प्रश्न है। अस्पताल कर्मियों द्वारा लिए गए फीडबैक को मेरा अस्पताल पोर्टल पर अपलोड करना होता है। मरीजों से फीडबैक के बाद मेरा अस्पताल कॉल सेंटर नई दिल्ली द्वारा मरीजों से क्रॉस वेरिफिकेशन किया जायेगा, जिसके बाद गुणवत्ता में सुधार हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। यह है प्रश्न : पंजीकरण काउंटर, साइनेज, दिशाजनक के व्यवस्था के बारे में आपके क्या विचार हैं? पंजीकरण काउंटर पर इंतजार करने के समय को लेकर अपने अनुभव बताएं? अस्पताल में रहते समय गोपनीयता का सम्मान किये जाने से सम्बंधित अपने विचार दें? अस्पताल के कर्मचारियों का व्यवहार और आचरण के बारे में आपके क्या विचार हैं? क्या आपको डिस्चार्ज पर्ची पर दर्ज जानकारी दी गई? अस्पताल में ठहरने के दौरान नर्स द्वारा राउंड लगाने के बारे में आपका क्या विचार है? आपके बुलाने, जरूरत पड़ने पर नर्स/ परिचारिकाओं द्वारा प्रतिक्रिया पर आपके क्या विचार हैं? नर्स, स्वास्थ्यकर्मी के व्यवहार के बारे में आपके क्या विचार हैं? यहां की साफ सफाई से सम्बंधित आपके क्या विचार हैं? इलाज के दौरान अपने जेब से दवा, रक्त परीक्षण, जांच पर खर्च किये जाने पर आपका अनुभव। चिकित्सक द्वारा लिखी गई सारी दवाओं का अस्पताल से नि:शुल्क उपलब्ध कराए जाने पर अनुभव। एक्सरे, अल्ट्रासाउंड की सुविधा अस्पताल परिसर में उपलब्ध कराए जाने से सम्बंधित अनुभव। समय पर भोजन की उपलब्धता एवं गुणवत्ता पर अनुभव कैसा है?

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse