साहिबगंज : बिजली का तार चुरा रहे दो युवकों की करंट लगने से मौत

 

टीम एबीएन, साहिबगंज/ रांची। जिले के बरहड़वा थाना क्षेत्र के चौलिया गांव में करंट लगने से दो युवकों की मौत हो गई है। दोनों युवक 11 हजार वोल्ट के बिजली तार चुराने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान करंट लगने से ये हादसा हुआ। शव की पहचान नहीं हो सकी है। अनुमान लगाया जा रहा है कि दोनों पश्चिम बंगाल के किसी गांव के रहनेवाले हैं। घटनास्थल से तार काटने का सामान, मोबाइल आदि बरामद करने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस मोबाइल नंबर के आधार पर युवकों की पहचान की कोशिश कर रही है। घटना की सूचना मिलने पर बरहड़वा एसडीपीओ प्रदीप उरांव, थाना प्रभारी रवींद्र प्रसाद आदि घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल शुरू की। बरहड़वा एसडीपीओ प्रदीप उरांव ने बताया कि शवों की पहचान की कोशिश की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि बिजली कटी हुई होगी, उसी दौरान दोनों तार काटने लगे होंगे। इसी बीच बिजली आ गई होगी, जिसकी चपेट में आने से दोनों की मौत हो गई। गौरतलब है कि बरहड़वा, पतना व बरहेट इलाके में बिजली का तार काटनेवाला गिरोह काफी समय से सक्रिय है। 13 जनवरी 2022 को पुलिस ने बिजली का तार चुरानेवाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का उद्भेदन किया था। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था। चोरों ने दिसंबर 2021 में फरक्का-ललमटिया संचरण लाइन का तार हरिहरा के पास काट लिया था। इसी की छानबीन में जुटी पुलिस को दो चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता भी मिली थी। चोरों के पास से 10 क्विंटल बिजली का तार, महिंद्रा बोलेरो पिकअप एक हीरो होंडा एचएफ डिलक्स बाइक व रेडमी कंपनी का मोबाइल बरामद किया गया था। गिरफ्तार चोरों की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर मुर्शिदाबाद के फरक्का थाना क्षेत्र के जोरपोखरिया निवासी सलामत शेख और कलियाचक थाना क्षेत्र के पूरबी चांदपुर निवासी जलालुद्दीन को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। दोनों पिछले माह काट कर रखे गए बिजली का तार लेने पहुंचे थे। वहां से करीब 55 किलोग्राम तार, डब्ल्यूबी 65 ए 2362 नंबर की पिकअप वैन व एक मोबाइल बरामद किया गया था।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse