टीम एबीएन, गढ़वा (पलामू)। गढ़वा जिला भ्रमण के दौरान आयुक्त जटा शंकर चौधरी एवं डीआईजी राजकुमार लकड़ा ने गढ़वा स्थित सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया। इस दौरान जिले में चल रही योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही जमीन संबंधी विवादों के निष्पादन के लिए आयोजित हो रहे थाना दिवस की समीक्षा करने की बातें कहीं। उन्होंने कहा कि जमीन संबंधी विवाद हिंसक रूप लेने लगा है। इसमें लोगों की हत्या तक हो रही है। थाना दिवस के आयोजन एवं उसकी नियमित समीक्षा से विवादों का निष्पादन होगा और जमीन संबंधी अपराध में कमी आएगी। गढ़वा उपायुक्त रमेश घोलप द्वारा गढ़वा जिले के एक निजी अस्पताल में छापेमारी कर फर्जी डॉक्टर को पकड़ने, उसके खिलाफ कार्रवाई करने एवं अस्पताल को सील करने आदि कार्रवाई किए जाने को आयुक्त ने सराहना की। साथ ही उन्होंने इस गैंग में शामिल अन्य डॉक्टर, एनएम सहिया को चिन्हित करते हुए उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया, ताकि मानव समाज को धोखा देने वाले ऐसे व्यक्तियों को सबक मिले। आयुक्त ने आपूर्ति, श्रम विभाग के माध्यम से मजदूरों का रजिस्ट्रेशन एवं पेंशन संबंधी योजनाओं की स्वीकृति में बेहतर प्रयास किए जाने की भी सराहना की। आयुक्त ने सरकार की योजनाओं को और गति देते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक उसका लाभ पहुंचाने की बातें कहीं। उन्होंने कहा कि जनता दरबार में आए शिकायतों को उपायुक्त द्वारा गंभीरता से लिया जाना और उस पर तत्काल करवाई करना अच्छी पहल है। इससे प्रशासन पर जनता का भरोसा बढ़ेगा। विचार-विमर्श में उपायुक्त रमेश घोलप, उप विकास आयुक्त राजेश कुमार राय एवं रंका के अनुमंडल पदाधिकारी राम नारायण सिंह भी उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse