एबीएन सेंट्रल डेस्क। असम में बाढ़ की स्थिति में काफी सुधार हुआ है। सभी नदियां खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। बाढ़ से किसी की मौत का नया मामला सामने नहीं आया। हालांकि, अभी भी छह लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक, अब भी 6,27,874 लोग बाढ़ के कारण प्रभावित हैं। शुक्रवार को यह आंकड़ा 8,88,177 था। बता दें, इस साल राज्य में बाढ़ और लैंडस्लाइड से अब तक 190 लोगों की मौत हो चुकी है। बुलेटिन के अनुसार, राज्य के 15 जिलों के 27 राजस्व मंडलों के कुल 506 गांव अभी भी बाढ़ के पानी से घिरे हुए हैं। सर्वाधिक प्रभावित जिलों में कछार है, जहां 4,28,827 लोग अब भी बाढ़ के कारण प्रभावित हैं। वहीं, मोरीगांव में 1,43,422 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। राज्य भर में 50,000 से अधिक लोग 130 राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं। कुल 8,912.87 हेक्टेयर फसल क्षेत्र अभी भी पानी भी डूबी हुई है। 1,07,559 पशु प्रभावित हुए हैं। उदलगुरी में एक तटबंध टूट गया, जबकि 47 सड़कें और 74 घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। रिपोर्ट में कहा गया है कि बजली, कछार, चिरांग, डिब्रूगढ़, दीमा हसाओ, गोलाघाट, हैलाकांडी, होजई, कामरूप, करीमगंज, मोरीगांव, नगांव, शिवसागर और तामूलपुर जिले बाढ़ से प्रभावित हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse